सुकमा : जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। वार्ड क्रमांक 15, कुम्हाररास में पिता पर अपने ही बेटे की धारदार टांगिया से हमला कर हत्या करने का आरोप है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले में पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त धारदार टांगिया भी बरामद कर लिया है।
शराब के नशे में हुआ था पिता-पुत्र में विवाद
पुलिस के मुताबिक, मृतक वेट्टी लक्ष्मण (लगभग 30 वर्ष) का अपने पिता वेट्टी हड़मा (50 वर्ष) के साथ पारिवारिक विवाद हुआ था। बताया गया कि घटना के दौरान मृतक शराब के नशे में था। विवाद बढ़ने पर आरोपी पिता ने कथित तौर पर धारदार टांगिया से उस पर हमला कर दिया।
ये भी पढ़े :सब्जियों के बीच उगा रखा था गांजा! पुलिस ने मारा छापा, 112 पौधे और 36.3 किलो गांजा बरामद
हमले में लक्ष्मण को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही सिटी कोतवाली सुकमा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्यों को सुरक्षित किया। एफएसएल/वैज्ञानिक अधिकारी की मौजूदगी में घटनास्थल से भौतिक साक्ष्य जुटाए गए। मृतक के शव का पोस्टमार्टम भी कराया गया।
विवेचना के दौरान पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए गए धारदार टांगिया को विधिवत जब्त किया।
आरोपी पिता गिरफ्तार
पुलिस ने उपलब्ध साक्ष्यों और प्रारंभिक विवेचना के आधार पर वेट्टी हड़मा, पिता स्व. बोड़का, उम्र 50 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 15, कुम्हाररास, सुकमा के खिलाफ सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 88/2026 दर्ज किया है।
आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। पूछताछ के बाद आरोपी को 5 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की कार्रवाई की गई।
पुलिस की जांच जारी
पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य जरूरी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और गवाहों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। घटना के पीछे विवाद की पूरी परिस्थितियों को लेकर विवेचना जारी है।
पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर आईपीएस के निर्देश पर हुई कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोज तिर्की और एसडीओपी सुकमा मनीष कुंवर के मार्गदर्शन में थाना सिटी कोतवाली की टीम की भूमिका रही। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रोशन सिंह राजपूत, उप निरीक्षक जगतपाल सिंह सहित पुलिसकर्मियों का योगदान रहा।




