नवा रायपुर में मंत्रालय कर्मचारियों की बस में भीषण आग, देखते ही देखते जलकर खाक

Spread the love

रायपुर: छत्तीसगढ़ के नवा रायपुर से बुधवार शाम एक बड़ा हादसा टल गया। मंत्रालय कर्मचारियों को लेकर लौट रही बस क्रमांक 3073 में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी बस जलकर खाक हो गई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि बस में सवार सभी कर्मचारियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना राखी थाना क्षेत्र की है।

छुट्टी के बाद कर्मचारियों को लेकर लौट रही थी बस

जानकारी के मुताबिक, बुधवार शाम मंत्रालय में कर्मचारियों की छुट्टी होने के बाद बस नंबर 3073 कर्मचारियों को लेकर रवाना हुई थी। इसी दौरान अचानक बस में आग लग गई।

बस में आग लगते ही कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। स्थिति को देखते हुए सभी कर्मचारियों को तत्काल बस से नीचे उतारा गया। इसके बाद आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।

दमकल की टीम ने पाया आग पर काबू

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद बस में लगी आग पर काबू पाया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

ये भी पढ़े :रायपुर रेलवे स्टेशन पर बदली पार्किंग व्यवस्था, अब यहां खड़े होंगे दोपहिया वाहन; यात्रियों के लिए जरूरी सूचना

मेंटेनेंस को लेकर कर्मचारी संघ ने उठाए सवाल

घटना के बाद मंत्रालय कर्मचारी संघ ने बसों के रखरखाव को लेकर सवाल उठाए हैं। मंत्रालय कर्मचारी संघ के अध्यक्ष चंद्रकांत पाण्डेय ने बताया कि शाम को कर्मचारियों को लेकर लौट रही बस में अचानक आग लग गई। उन्होंने कहा कि गनीमत रही कि सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

चंद्रकांत पाण्डेय के मुताबिक, बसों के मेंटेनेंस को लेकर कर्मचारी संघ की ओर से कई बार रजिस्ट्रार शाखा के अधिकारियों से मुलाकात की गई थी। इसके बावजूद व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं होने की बात उन्होंने कही।

मुख्य सचिव और GAD सचिव से मिलेगा संघ

कर्मचारी संघ के अध्यक्ष ने बताया कि बस में आग लगने की घटना के बाद संघ की ओर से इस मामले को गंभीरता से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारी संघ मुख्य सचिव और सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव से मुलाकात कर बसों के संचालन और मेंटेनेंस से जुड़ी समस्याओं से अवगत कराएगा।

उन्होंने कहा कि अगर समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो कर्मचारी संघ आगे आंदोलन का रास्ता अपना सकता है।

फिलहाल पुलिस आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बस में आग किस वजह से लगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *