सोने की कीमतों में ऐतिहासिक गिरावट: एक दिन में ₹5,200 टूटा भाव, 9वें दिन भी जारी रही गिरावट; रिकॉर्ड हाई से ₹53,700 सस्ता हुआ गोल्ड

Spread the love

ग्लोबल मार्केट में जारी भारी बिकवाली के बीच शुक्रवार को सोने और चांदी की कीमतों में एक बार फिर भारी गिरावट दर्ज की गई। सोना लगातार 9वें सेशन में गिरकर 1 साल के निचले स्तर पर पहुंच गया। अमेरिकी डॉलर में मजबूती, बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी और ब्याज दरों में बढ़ोतरी की आशंकाओं ने सोने और चांदी पर दबाव बनाया हुआ है।

शुक्रवार को सोने के भाव में 5200 रुपये की भारी गिरावट

दिल्ली के सर्राफा कारोबारियों के मुताबिक, शुक्रवार को 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 5200 रुपये की भारी गिरावट के साथ 1,29,300 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स सहित) पर आ गया। गुरुवार को इसका भाव 1,34,500 रुपये प्रति 10 ग्राम था। सोने की कीमतों में लगातार 9 सेशन में दर्ज की गई गिरावट के दौरान ये 17,600 रुपये यानी 12 प्रतिशत सस्ता हो चुका है। बताते चलें कि शनिवार और रविवार को सर्राफा बाजार बंद रहते हैं।

1.83 लाख रुपये के रिकॉर्ड हाई से 53,700 रुपये सस्ता हुआ सोना
9 नवंबर को सोना 1,46,900 रुपये प्रति 10 ग्राम पर था। सोने का मौजूदा भाव 14 नवंबर, 2025 के बाद का सबसे निचला स्तर है। उस समय सोने की कीमत 1,29,400 रुपये प्रति 10 ग्राम थी। इस साल जनवरी के आखिर में 1.83 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड हाई पर पहुंचने के बाद से सोना अब तक 53,700 रुपये यानी 29.3 प्रतिशत सस्ता हो चुका है।

ये भी पढ़े :छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान अकवान का असर, 7 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी

कीमतों में गिरावट से आभूषण खरीदारों के पास अच्छा मौका

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के सीनियर कमोडिटी एनालिस्ट सौमिल गांधी ने कहा कि इस हफ्ते अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये में आई 1.5 प्रतिशत से ज्यादा की मजबूती ने घरेलू बाजार में सोने की कीमतों में गिरावट को और तेज कर दिया। इंवेस्टमेंट प्लेटफॉर्म लेमन के रिसर्च हेड गौरव गर्ग ने कहा कि अमेरिका में ब्याज दरें बढ़ने की आशंकाओं, डॉलर के 19 महीने के उच्च स्तर के करीब बने रहने और अमेरिकी ट्रेजरी बॉन्ड के ऊंचे यील्ड से कोई ब्याज न देने वाली कीमती धातुओं का आकर्षण घटा है। हालांकि, कीमतों में गिरावट से आभूषण खरीदारों को अच्छा मौका मिला है।

कीमतों में गिरावट से बढ़ी खरीदारी

ऑगमोंट की मुख्य शोध अधिकारी रेनिशा चेनानी ने कहा कि कम कीमतों के कारण इस सप्ताह खरीदारी बढ़ी है। खासकर शादी-ब्याह के लिए आभूषण खरीदने वाले परिवारों को कम कीमतों से राहत मिली है। इसके बावजूद हाजिर मांग का परिदृश्य कमजोर बना हुआ है।

अंतरराष्ट्रीय बाजारों में लगातार 5वें दिन गिरा सोने का भाव

अंतरराष्ट्रीय बाजारों में शुक्रवार को हाजिर सोना 110.24 डॉलर यानी 3.04 प्रतिशत लुढ़ककर 3515.02 डॉलर प्रति औंस रह गया। इसमें लगातार 5वें सेशन में गिरावट आई और भाव 4 सितंबर, 2025 के बाद के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया। इस साल जनवरी में 5595.02 डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड हाई पर पहुंचने के बाद से सोना 37 प्रतिशत से ज्यादा टूट चुका है। एलकेपी सिक्योरिटीज के वाइस प्रेसिडेंट और रिसर्च एनालिस्ट (कमोडिटी और करेंसी) जतिन त्रिवेदी ने कहा कि सोने के लिए 3500 डॉलर प्रति औंस का लेवल अहम सपोर्ट बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *