घर के बाहर ताला, अंदर टूटा मिला मुख्य दरवाजा; तेलीबांधा पुलिस ने सुलझाई चोरी की गुत्थी

Spread the love

रायपुर :  राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में सूने मकान को निशाना बनाकर चोरी करने के मामले में पुलिस ने 22 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने घर की अलमारी का लॉकर तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली थी। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर सोने की चेन, चांदी के 12 बेलपत्र और 89 हजार 495 रुपये नकद सहित अन्य सामान बरामद किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी डॉ. स्नेहिल दीवान ने तेलीबांधा थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 18 नवंबर 2026 को परिवार के साथ वाराणसी जाने के लिए घर में ताला लगाकर निकले थे। 20 नवंबर को वापस लौटने पर उन्हें मकान में चोरी होने का पता चला।

घर के बाहरी गेट पर ताला लगा हुआ था, लेकिन अंदर के मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। घर के भीतर जांच करने पर अलमारी का लॉकर भी टूटा हुआ पाया गया। उसमें रखी सोने की चेन, चांदी के बेलपत्र, नकदी और अन्य सामान गायब थे।

ये भी पढ़े :दीपावली बाजार से बाइक चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, दो साल पुरानी चोरी का भी खुला राज

शिकायत के आधार पर तेलीबांधा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305(ए) के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।

विवेचना के दौरान संदेह के आधार पर पुलिस ने श्याम सोना (22 वर्ष), निवासी मौलीपारा शाम बाजार, तेलीबांधा थाना क्षेत्र को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। उसने बताया कि चोरी का सामान अपने घर की छत पर सीढ़ियों के पास छिपाकर रखा है।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने सोने की चेन, चांदी के 12 बेलपत्र, 89 हजार 495 रुपये नकद और सब्जी काटने वाला चाकू बरामद कर जब्त किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *