पीजी कॉलेज बेमेतरा में अंतर-विद्यालय फुटबॉल टूर्नामेंट का समापन, विधायक दीपेश साहू ने किया खिलाड़ियों को पुरस्कृत

Spread the love

खेल युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व और आत्मविश्वास विकसित करने का सशक्त माध्यम – विधायक दीपेश साहू

 

बेमेतरा टेकेश्वर दुबे :  पीजी कॉलेज, बेमेतरा में एलिट फुटबॉल एकेडमी द्वारा आयोजित अंतर-विद्यालय फुटबॉल टूर्नामेंट के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में बेमेतरा विधायक दीपेश साहू मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए।

इस अवसर पर उन्होंने विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा सभी प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री दीपेश साहू ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम है। खेल के मैदान में खिलाड़ी टीम भावना, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, धैर्य और संघर्ष करने की प्रेरणा सीखते हैं। जीत हमें आगे बढ़ने का उत्साह देती है, जबकि हार हमें बेहतर प्रदर्शन का अवसर प्रदान करती है।

ये भी पढ़े :बारगांव के प्रतिभावान खिलाड़ियों ने राज्य स्तर पर रचा इतिहास, जीते तीन स्वर्ण पदक

विधायक दीपेश साहू ने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के भविष्य हैं। स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का विकास होता है। फुटबॉल जैसे सामूहिक खेल युवाओं में आपसी सहयोग, समयबद्धता और लक्ष्य के प्रति समर्पण की भावना विकसित करते हैं। बेमेतरा जिले के युवाओं में खेल प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता है उन्हें उचित प्रशिक्षण, बेहतर खेल सुविधाएं और मंच प्रदान करने की।

विधायक श्री साहू ने खिलाड़ियों से आह्वान किया कि वे खेल को जीवन में अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच का हिस्सा बनाएं। जीत पर विनम्र रहें और हार से सीख लें। उन्होंने सफल आयोजन के लिए एलिट फुटबॉल एकेडमी, प्राचार्य डॉ. डी.आर. साहू, प्रशिक्षकों और सभी सहयोगियों को बधाई दी।

इस दौरान श्री महेश साहू, प्राचार्य श्री रोहित साहू, रिभा चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, महाविद्यालय स्टाफ एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *