रायपुर : राजधानी रायपुर के जय स्तंभ चौक पर धारदार चाकू लहराकर आम लोगों को डराने-धमकाने के आरोप में पुलिस ने 18 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से स्टील का धारदार चाकू जब्त किया है। मामले में गोलबाजार थाना पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की है।
पुलिस कमिश्नरेट के सेंट्रल जोन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, 22 अक्टूबर 2026 को गोलबाजार पुलिस को सूचना मिली कि जय स्तंभ चौक स्थित आईसीआईसीआई बैंक के सामने एक युवक हाथ में धारदार चाकू लेकर लहरा रहा है और वहां से गुजरने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है।
ये भी पढ़े :रायपुर में नशे की बड़ी खेप पकड़ी गई! ओडिशा से लाई गईं 2,100 प्रतिबंधित टैबलेट जब्त
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान वहां एक युवक चाकू लहराते हुए लोगों को धमकाता मिला। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम आदित्य दास मानिकपुरी, पिता टुकेश दास मानिकपुरी, उम्र 18 वर्ष, निवासी बोरिया खुर्द, शास्त्री नगर, थाना टिकरापारा, रायपुर बताया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक स्टील का धारदार चाकू जब्त किया है। इस मामले में गोलबाजार थाने में अपराध क्रमांक 153/26, धारा 25 और 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आगे की कार्रवाई की गई है।
पुलिस कमिश्नरेट के अनुसार, शहर में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई जारी है।




