सक्ती पुलिस की बड़ी कामयाबी: 50 लाख से ज्यादा के 240 गुम मोबाइल बरामद, मालिकों को लौटाकर चेहरे पर लाई मुस्कान

Spread the love

सक्ती :  गुम हुए मोबाइल को वापस पाने की उम्मीद छोड़ चुके लोगों के लिए सक्ती पुलिस ने बड़ी राहत की खबर दी है। पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर के मार्गदर्शन में साइबर सेल सक्ती ने विशेष अभियान चलाकर जनवरी 2026 से अब तक 240 गुम मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत 50 लाख रुपये से अधिक बताई गई है।

पुलिस ने बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक धारकों को वापस कर दिए हैं। इससे मोबाइल खोने वाले नागरिकों के चेहरे पर खुशी लौट आई और उन्होंने सक्ती पुलिस एवं साइबर सेल की कार्यशैली की जमकर सराहना की।

तकनीकी मदद से दूसरे जिलों और राज्यों तक पहुंची पुलिस

जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में नागरिकों द्वारा मोबाइल फोन गुम होने की सूचनाएं दर्ज कराई गई थीं। साइबर सेल ने इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए तकनीकी सहायता के जरिए मोबाइल फोन की पतासाजी शुरू की।

अभियान के दौरान सक्ती जिले के अलावा छत्तीसगढ़ के अन्य जिलों और दूसरे राज्यों में भी गुम हुए मोबाइल फोन की जानकारी विभिन्न थाना एवं चौकी से एकत्र की गई। इसके बाद तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लगातार तलाश कर मोबाइल बरामद किए गए।

पहले 140, अब 100 मोबाइल लौटाए

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अभियान के तहत पूर्व में 140 मोबाइल फोन उनके धारकों को वापस किए जा चुके हैं। वहीं अब बरामद किए गए 100 मोबाइल फोन भी उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए।इस तरह जनवरी 2026 से अब तक कुल 240 मोबाइल फोन बरामद कर पुलिस ने उन्हें उनके धारकों तक पहुंचाया है।

मोबाइल वापस मिला तो बोले—उम्मीद छोड़ चुके थे

मोबाइल वापस मिलने पर नागरिकों ने सक्ती पुलिस और साइबर सेल का आभार जताया। उन्होंने कहा कि मोबाइल मिलने की उम्मीद लगभग छोड़ चुके थे, लेकिन सक्ती साइबर सेल की टीम ने तकनीकी प्रयासों से मोबाइल बरामद कर वापस दिलाया। नागरिकों ने पुलिस की इस कार्रवाई को सराहनीय बताते हुए कहा कि इससे पुलिस के प्रति उनका भरोसा और मजबूत हुआ है।

ये भी पढ़े :छुरा से ओडिशा को जोड़ने वाली मुख्य सड़क का पुल एक महीने से टूटा,स्कूली बच्चे और ग्रामीण जान जोखिम में डालकर कर रहे नदी/नाला पार

भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मोबाइल संभालकर रखें: एडिशनल एसपी

एडिशनल एसपी पंकज पटेल ने आम नागरिकों से अपील की है कि भीड़भाड़ वाले स्थानों, हाट-बाजार, मेले और मड़ाई आदि में मोबाइल फोन का उपयोग करते समय विशेष सावधानी बरतें। ऐसे स्थानों पर मोबाइल गुम होने की घटनाएं अधिक होती हैं।

उन्होंने कहा कि मोबाइल गुम या चोरी होने की स्थिति में नागरिक तत्काल आवश्यक दस्तावेजों के साथ नजदीकी थाना में सूचना दें, ताकि मोबाइल की तकनीकी माध्यम से पतासाजी की जा सके।

रास्ते में मोबाइल मिले तो थाने में जमा करें

सक्ती पुलिस ने नागरिकों से जिम्मेदार नागरिक का परिचय देने की अपील करते हुए कहा है कि यदि किसी व्यक्ति को रास्ते में कोई मोबाइल फोन पड़ा हुआ मिले, तो उसे अपने पास रखने के बजाय तत्काल नजदीकी थाना में जमा कराएं।

बिना बिल और IMEI जांचे मोबाइल खरीदना पड़ सकता है भारी

पुलिस ने मोबाइल दुकानदारों और आम नागरिकों को भी सख्त चेतावनी दी है कि बिना बिल और IMEI नंबर दर्ज किए किसी भी व्यक्ति से मोबाइल फोन न खरीदें।

ऐसा मोबाइल चोरी का हो सकता है अथवा किसी आपराधिक घटना में इस्तेमाल किया गया हो। चोरी अथवा आपराधिक गतिविधियों से जुड़े मोबाइल की खरीद-फरोख्त में संलिप्तता पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

साइबर सेल की टीम का अहम योगदान

इस पूरी कार्रवाई में साइबर सेल सक्ती के प्रभारी उप निरीक्षक सी.पी. कंवर, प्रधान आरक्षक प्रेम सिदार, आरक्षक कमल किशोर सिदार, पवन सांडे, जितेन्द्र कंवर, कमलेश लहरे, फारूक खान, अलेक्स मिंज, दीपक साहू एवं गोपाल साहू का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *