लोरमी : प्रदेश में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। वहीं मुंगेली जिले की मनियारी नदी इस वक्त उफान पर है और रौद्र रूप धारण कर चुकी है। नदी का पानी तटीय इलाकों में तेजी से घुस रहा है, जिससे बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। सबसे गंभीर स्थिति परसहापारा की है, जो इस समय पूरी तरह जलमग्न हो चुका है।
150 लोग बाढ़ के पानी में घिरे
परसहापारा में मनियारी नदी का पानी घुसने से लगभग 35 परिवारों के 150 लोग चारों ओर से बाढ़ के पानी में फंस गए हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आपदा प्रबंधन की टीमें तुरंत हरकत में आ गई हैं। फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए SDRF और नगर सेना की टीमों की मदद ली जा रही है। रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है।
बिजरा गांव में शिफ्टिंग, प्रशासन मुस्तैद
बाढ़ प्रभावितों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। प्रभावित परिवारों को पास के बिजरा गांव में शिफ्ट किया जा रहा है, जहां उनके ठहरने और खाने-पीने का इंतजाम किया जा रहा है। मौके पर जिला पंचायत सीईओ और एसडीएम समेत तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौजूद हैं। अधिकारी खुद मोर्चा संभाले हुए हैं और बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के लोगों को स्थिति की गंभीरता समझाते हुए सुरक्षित स्थानों पर जाने की समझाइश दे रहे हैं।
प्रशासन की अपील
मनियारी नदी के आसपास के इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया गया है। ग्रामीणों से अपील की जा रही है कि वे नदी-नालों के पास न जाएं और प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए सुरक्षित स्थानों पर बने रहें।

