आंगन मिलन उत्सव में शामिल हुए विधायक दीपेश साहू, गर्भवती माताओं की हुई गोद भराई और बच्चों का कराया अन्नप्राशन

Spread the love

बेमेतरा टेकेश्वर दुबे :  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित सेवा संकल्प अभियान 2026 एवं 9वें राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत बेमेतरा नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 17/2 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में ‘आंगन मिलन उत्सव’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बेमेतरा विधायक श्री दीपेश साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान विधायक श्री दीपेश साहू ने मातृशक्ति, नन्हे-मुन्ने बच्चों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए पोषण, स्वास्थ्य एवं बाल विकास के महत्व पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर गर्भवती माताओं श्रीमती पुष्पा सिन्हा एवं श्रीमती देवांशी शर्मा का विधिवत गोद भराई संस्कार संपन्न कराया गया। वहीं पूजा नेताम एवं हूमेश्वरी साहू के नन्हे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया।

अतिथियों ने जमीन पर बैठकर बच्चों के साथ किया नेवता भोज

कार्यक्रम में नेवता भोज का भी आयोजन किया गया। विधायक श्री दीपेश साहू सहित नगर पालिका अध्यक्ष श्री विजय सिन्हा एवं अन्य अतिथियों ने आंगनबाड़ी केंद्र में जमीन पर बैठकर नन्हे-मुन्ने बच्चों, माताओं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ नेवता भोज में सहभागिता की।

अतिथियों का बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर भोजन करना कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा। इस दौरान सभी ने बच्चों के साथ आत्मीयता से भोजन किया और उनके स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। नेवता भोज के माध्यम से बच्चों के साथ अपनत्व और समानता का संदेश भी दिया गया।

नेवता भोज बच्चों के साथ अपनत्व और पोषण का संदेश : विधायक दीपेश साहू

विधायक दीपेश साहू ने कहा कि नेवता भोज केवल साथ बैठकर भोजन करने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि बच्चों के साथ अपनत्व, समानता और सामाजिक सहभागिता का भाव मजबूत करने का माध्यम है। जब समाज के लोग बच्चों के साथ बैठकर भोजन करते हैं, तो इससे उनमें आत्मविश्वास और अपनापन बढ़ता है।

उन्होंने कहा कि बच्चों को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों और गर्भवती माताओं को पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं दी जा रही हैं। समाज के सभी वर्ग यदि इन प्रयासों से जुड़ें तो कुपोषण के खिलाफ हमारी लड़ाई और मजबूत होगी।

विधायक ने कहा कि स्वस्थ मां और सुपोषित बच्चा ही सशक्त परिवार और विकसित समाज की नींव है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं शासन की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने सभी से पोषण के प्रति जागरूकता फैलाने और बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।

ये भी पढ़े :उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा से सहायक उपकरण सहित स्कूटी मिलने से महेश को मिला आत्मनिर्भरता का नया सहारा

हर आंगन में पोषण और हर बच्चे के चेहरे पर मुस्कान हो : विजय सिन्हा

नगर पालिका अध्यक्ष श्री विजय सिन्हा ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों एवं माताओं को पोषण और स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। नेवता भोज जैसे आयोजन समाज और बच्चों के बीच आत्मीय संबंध को मजबूत करते हैं।

उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास होना चाहिए कि हर मां स्वस्थ रहे, हर बच्चा सुपोषित रहे और बेमेतरा कुपोषण मुक्त समाज की दिशा में आगे बढ़े। इसके लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता आवश्यक है।

कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष श्री अजय साहू, हर्षवर्धन तिवारी, पार्षद गौरव साहू, सोनू साहू, परियोजना अधिकारी श्रीमती मनोरमा साहू, श्रीमती रजनी पाण्डेय, घनश्याम देवांगन सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाएं, जनप्रतिनिधिगण, गर्भवती माताएं एवं बड़ी संख्या में नन्हे बच्चे उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में गोद भराई, अन्नप्राशन एवं नेवता भोज के माध्यम से मातृशक्ति के सम्मान, बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य एवं कुपोषण मुक्त समाज के संकल्प को मजबूत करने का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *