नीरू ढांडा ने रचा इतिहास, एशियन गेम्स में भारत को दिलाया पांचवां गोल्ड; बनीं पहली भारतीय महिला ट्रैप शूटर

Spread the love

नई दिल्ली: एशियन गेम्स 2026 में भारत के लिए मंगलवार का दिन शानदार रहा। भारतीय महिला शूटर नीरू ढांडा ने वुमेंस ट्रैप इंडिविजुअल इवेंट में गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया। इस स्वर्ण पदक के साथ भारत के खाते में प्रतियोगिता का पांचवां गोल्ड मेडल दर्ज हो गया।

नीरू ने आठ निशानेबाजों के फाइनल में जगह बनाई थी। इससे पहले क्वालिफिकेशन में उन्होंने कतर की निशानेबाज के साथ 118 अंक हासिल किए, जिसे एशियन गेम्स का नया रिकॉर्ड बताया गया। भारत की आशिमा अहलावत और मनीषा कीर फाइनल की दौड़ से बाहर हो गईं, लेकिन नीरू ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा।

फाइनल में भी बरकरार रहा नीरू का दबदबा

फाइनल मुकाबले में नीरू ढांडा ने 28 अंक हासिल कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। चीन की सन युनोंग ने 26 अंक के साथ सिल्वर मेडल जीता, जबकि हजर अब्दुलमलिक ने 21 अंक के साथ ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया।

इस उपलब्धि के साथ नीरू एशियन गेम्स में ट्रैप या स्कीट के व्यक्तिगत इवेंट में गोल्ड मेडल जीतने वाली पहली भारतीय महिला शूटर बन गई हैं।

ये भी पढ़े :चाचा-भतीजे के परिवार में खूनी विवाद, फरसपाल में हत्या के आरोपी को पुलिस ने 24 घंटे में पकड़ा

टीम इवेंट में भी जीत चुकी हैं सिल्वर

नीरू ढांडा इससे पहले एशियन गेम्स के महिला ट्रैप टीम इवेंट में भी भारत के लिए पदक जीत चुकी हैं। टीम स्पर्धा में उनके प्रदर्शन की बदौलत भारत ने सिल्वर मेडल हासिल किया था।

इस तरह नीरू ने प्रतियोगिता में एक गोल्ड और एक सिल्वर अपने नाम कर भारतीय शूटिंग अभियान में अहम योगदान दिया है।

वर्ल्ड कप में भी जीत चुकी हैं गोल्ड

हरियाणा की 26 वर्षीय नीरू ढांडा इससे पहले शॉटगन वर्ल्ड कप में भी स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। जुलाई 2026 में इटली में आयोजित वर्ल्ड कप में उन्होंने ट्रैप इवेंट के फाइनल में 28 अंक हासिल कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया था।

उनकी इस उपलब्धि ने भारतीय महिला शूटिंग में एक नया अध्याय जोड़ दिया है। एशियन गेम्स में महिला ट्रैप के व्यक्तिगत इवेंट में इससे पहले किसी भारतीय महिला निशानेबाज ने स्वर्ण पदक नहीं जीता था।

पुरुषों की बात करें तो रणधीर सिंह ने 1978 एशियन गेम्स में ट्रैप इवेंट में भारत के लिए गोल्ड जीता था, जबकि रोंजन सोढ़ी ने 2010 एशियन गेम्स में डबल ट्रैप में व्यक्तिगत स्वर्ण पदक हासिल किया था।

नीरू ढांडा के ऐतिहासिक गोल्ड के साथ एशियन गेम्स 2026 में भारतीय शूटिंग टीम के खाते में एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *