अमेरिका में चुनाव आयोग की विश्वसनीयता पर सवाल उठाकर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी फिर बुरे फंस गए हैं। उनके बयान पर सियासी बवाल खड़ा हो गया है। कांग्रेस नेता को घेरते हुए संबित पात्रा ने कहा कि विदेशी धरती पर देश का अपमान करना राहुल गांधी की पुरानी आदत है।
राहुल गांधी ने अमेरिका दौरे के दौरान बोस्टन में भारतीय प्रवासियों को संबोधित करते हुए महाराष्ट्र चुनाव का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह साफ है कि भारतीय चुनाव आयोग समझौता कर चुका है। सिस्टम में कुछ गड़बड़ी है।
ये भी पढ़े : मुखिया के मुखारी –हमला झन देबे भगवान,अईसन घोटालेबाज नेता झन देबे
‘जो मां और बेटे जमानत पर बाहर हैं, वो…’
BJP प्रवक्ता संबित पात्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में अमेरिका में दिए बयान और नेशनल हेराल्ड केस के लिए राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी विदेश की धरती पर वही करते हैं जो वो दशकों से करते आ रहे हैं। भारत की बेइज्जती और भारत का अपमान उन्होंने किया है। ये कोई नई बात नहीं है।
उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति और उनकी मां 50 हजार के मुचलके पर जमानत पर बाहर हो, वो जाकर विदेश की धरती पर हिंदुस्तान को अपमानित करें। उन्हें लगता है कि लोग उन पर विश्वास करेंगे, तो यह उनका भ्रम है। उन्हें लगता है कि वे विदेशी धरती पर बोलकर इस महान लोकतंत्र की छवि को खराब कर सकते हैं, तो वे पूरी तरह गलत हैं।
‘EC पर निकाल रहे ED का गुस्सा’
संबित पात्रा ने कहा कि मां-बेटे ने डकैती की है। इसके बाद इनकी इतनी हिम्मत है कि विदेशी धरती पर जाकर आप हिंदुस्तान के लोकतंत्र के ऊपर उंगली उठाते हैं। जिस थाली में खाते हैं उस थाली में छेद करेंगे तो आप देशद्रोही कहलाएंगे। वो इसलिए भी देशद्रोही हैं क्योंकि देश की संपत्ति का करोड़ों रुपये नेशनल हेराल्ड के माध्यम से उन्होंने गबन किया है। याद रखिए कि आप और आपकी मां बचने वाली नहीं है। ईडी के गुस्से को EC पर निकाल रहे हो। इससे कुछ नहीं होगा। दो दिन पन्नों पर छपोगे, अखबारों में आओगे, लेकिन ईडी आपको छोड़ेगी नहीं क्योंकि तथ्यों के आधार पर काम करते हैं।
BJP प्रवक्ता ने यह भी कहा कि विडंबना देखिए, जब अमेरिका के उपराष्ट्रपति यहां थे, तो उन्होंने अमेरिका जाकर भारत और उसके लोकतंत्र के खिलाफ बोलना चुना। यह कांग्रेस पार्टी के लिए एक पैटर्न बन गया है।
‘समझौते से जीते सोरेन और प्रियंका?’
उन्होंने राहुल को घेरते हुए सवाल किया कि राहुल जी अमेरिका में जाकर ये कहते हैं कि कही न कही चुनाव आयोग ने समझौता किया है। झारखंड में भी उसी समय चुनाव हुआ था। तब ही प्रियंका का चुनाव वायनाड से हुआ था। क्या वे कॉम्प्रोमाइज्ड जीत थी?
क्या कहा राहुल गांधी ने…?
जान लें कि अमेरिकी दौरे पर पहुंचे राहुल गांधी ने कहा कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में वयस्कों की संख्या से ज्यादा लोगों ने मतदान किया। चुनाव आयोग ने शाम 5:30 बजे तक के मतदान के आंकड़े दिए। शाम 5:30 बजे से 7:30 बजे के बीच 65 लाख वोटर्स ने वोटिंग की। ऐसा शारीरिक रूप से होना संभव नहीं है। एक मतदाता को वोट डालने में करीब 3 मिनट लगते हैं। आप कैलकुलेट करें तो इस हिसाब से सुबह 2 बजे तक मतदाताओं की लाइनें लगी रहीं, लेकिन ऐसा हुआ नहीं। जब हमने चुनाव अधिकारियों से पूछा कि क्या वोटिंग की वीडियोग्राफी हो रही है। उन्होंने न सिर्फ इनकार किया। साथ ही कानून भी बदल दिया कि अब आप वोटिंग की वीडियोग्राफी नहीं मांग सकते।
राहुल ने कहा कि ये साफ था कि चुनाव आयोग ने अपनी निष्पक्षता से समझौता किया। सिस्टम में बहुत बड़ी गड़बड़ी है, जो साफ दिख रहा है। हमने खुलकर यह बात कही और मैंने भी कई बार यह बात दोहराई है।
ये भी पढ़े : Akshaya Tritiya 2025: इन राशियों को मिलेगा लाभ
Comments