विधायक प्रतिनिधि एवं युवा महामंत्री बोले- संसद की गरिमा और करोड़ों राम भक्तों की आस्था को पहुंची ठेस
रायपुर : विधायक प्रतिनिधि एवं युवा महामंत्री विजय राठौर ने संसद में विपक्ष के प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष ने संसद की गरिमा को ठेस पहुंचाने के साथ-साथ सनातन परंपराओं और करोड़ों लोगों की धार्मिक आस्था का भी अपमान किया है।
जारी प्रेस विज्ञप्ति में विजय राठौर ने कहा कि संसद में जिस प्रकार का प्रदर्शन किया गया, वह केवल राजनीतिक विरोध नहीं था, बल्कि सदियों पुरानी सनातन संस्कृति, पूज्य संतों, पुजारियों और करोड़ों राम भक्तों की भावनाओं को आहत करने वाला कृत्य था। उन्होंने कहा कि भारत की महान सांस्कृतिक विरासत का उपहास करना कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों की मानसिकता को उजागर करता है।
ये भी पढ़े :छत्तीसगढ़ का मौसम फिर बदला, जानिए किन जिलों में होगी बारिश और कहां बढ़ेगी गर्मी
राठौर ने आरोप लगाया कि विकास और जनहित के मुद्दों पर सकारात्मक राजनीति करने में असफल विपक्ष अब धार्मिक आस्था को राजनीतिक हथियार बनाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने इसे भारतीय संस्कृति और लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत बताया।
उन्होंने कहा कि सनातन परंपराओं का अपमान अब विपक्ष की राजनीति का हिस्सा बन चुका है, लेकिन देश की जनता सब देख रही है और ऐसे आचरण का उचित जवाब देगी। विजय राठौर ने कहा कि संसद की गरिमा, देश की सांस्कृतिक विरासत और करोड़ों लोगों की धार्मिक भावनाओं के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने विपक्ष से लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन करते हुए देश की आस्था, संस्कृति और संसदीय परंपराओं का सम्मान करने की अपील की।

