नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज, 17 सितंबर 2026 को अपना 76वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर देशभर से उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं मिल रही हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, केंद्रीय मंत्रियों, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ-साथ विपक्ष के नेताओं ने भी प्रधानमंत्री को शुभकामनाएं देते हुए उनके अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की है।
प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन को भारतीय जनता पार्टी ने उनके 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन से भी जोड़ा है। इसी अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक महीनेभर चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत की गई है। अभियान के तहत देश के अलग-अलग हिस्सों में जनसेवा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
राष्ट्रपति मुर्मू ने PM मोदी को दी जन्मदिन की बधाई
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में पिछले 25 वर्षों में मोदी ने सुशासन के नए प्रतिमान स्थापित किए और समावेशी विकास को नई दिशा दी।
राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री के अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करते हुए कहा कि वह जनसेवा और राष्ट्र निर्माण के अपने अभियान को आगे बढ़ाते रहें।
राहुल गांधी और खड़गे ने भी दी शुभकामनाएं
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने X पर पोस्ट कर प्रधानमंत्री के अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना की।
वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की प्रार्थना की।
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बधाई देते हुए स्वस्थ, सक्रिय और सार्थक जीवन की शुभकामना दी।
अमित शाह ने बताया ‘तप, त्याग और अटूट संकल्प की गाथा’
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके सार्वजनिक जीवन और राष्ट्रसेवा का उल्लेख किया। उन्होंने प्रधानमंत्री को अथक परिश्रम, त्याग और दूरदर्शिता का प्रतीक बताते हुए उनके स्वस्थ और दीर्घ जीवन की कामना की।
शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
राजनाथ सिंह ने गिनाईं विकास से जुड़ी उपलब्धियां
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संदेश में आधारभूत संरचना, डिजिटल कनेक्टिविटी, गरीब कल्याण, नवाचार और उद्यमिता जैसे क्षेत्रों में हुई प्रगति का उल्लेख किया।
राजनाथ सिंह ने प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत विकसित भारत के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रहा है।
नितिन नवीन ने दी शुभकामनाएं
BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की यात्रा सेवा, सुशासन और जनकल्याण से जुड़ी रही है।
उन्होंने प्रधानमंत्री के स्वस्थ और दीर्घ जीवन की कामना की तथा कहा कि उनके मार्गदर्शन में भारत विकास और आत्मनिर्भरता के नए आयाम गढ़ रहा है।
योगी आदित्यनाथ बोले- जन-जन के जीवन में बदलाव की नई चेतना
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण को अपने सार्वजनिक जीवन का केंद्र बनाया है।
योगी ने बताया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर वाराणसी से ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत होगी।
देशभर में होंगे सेवा से जुड़े कार्यक्रम
‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत देशभर में विभिन्न सामाजिक और जनसेवा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के दौरान रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य शिविर, स्वच्छता अभियान, पौधरोपण, श्रमदान और सरकारी योजनाओं से जुड़े जनजागरूकता कार्यक्रमों समेत कई गतिविधियां प्रस्तावित हैं।
अभियान का एक प्रमुख कार्यक्रम ‘आशीर्वाद का दीया’ भी है, जिसके तहत लोगों से दीये जलाने का आह्वान किया गया है। इसके अलावा वडनगर से वाराणसी तक बाइक यात्रा समेत कई कार्यक्रम भी अभियान का हिस्सा हैं।
सोशल मीडिया पर भी जन्मदिन की शुभकामनाओं की बाढ़
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बधाई देने वालों में राजनीतिक दलों के नेताओं के साथ आम लोग भी शामिल हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर #HappyBdayPMModi समेत कई हैशटैग के जरिए लोग प्रधानमंत्री को शुभकामनाएं दे रहे हैं।




