जर्जर सड़क पर सफर बना जोखिम, दुर्घटना की आशंका के बीच सोशल मीडिया पर भी उठ रही आवाज; विधायक जनक ध्रुव बोले—मुख्यमंत्री तक पहुंचाया मामला, अधिकारियों से पुनः चर्चा
परमेश्वर राजपूत, गरियाबंद : छुरा से रसेला तक जाने वाली लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की सड़क लंबे समय से बदहाल स्थिति में है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और उखड़ी हुई सतह के चलते राहगीरों एवं वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क की खराब स्थिति के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है। क्षेत्र के लोगों द्वारा अब सोशल मीडिया के माध्यम से भी सड़क की स्थिति को लेकर नाराजगी जताते हुए इसके शीघ्र सुधार की मांग की जा रही है।स्थानीय लोगों का कहना है कि छुरा–रसेला मार्ग क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण आवागमन मार्ग है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण, कर्मचारी, विद्यार्थी, व्यापारी एवं अन्य लोग इस मार्ग से आवागमन करते हैं। ऐसे में सड़क की जर्जर स्थिति का सीधा असर लोगों की दैनिक आवाजाही पर पड़ रहा है। बारिश के बाद कई स्थानों पर सड़क की स्थिति और खराब होने से वाहन चालकों के लिए परेशानी बढ़ गई है।
ये भी पढ़े :Pitru Paksha 2026: श्राद्ध के बाद जरूर करें पितरों की आरती, जानें सही विधि और मंत्र
मुख्यमंत्री तक पहुंचाया गया मामला : विधायक
सड़क की समस्या को लेकर क्षेत्रीय कांग्रेस विधायक जनक ध्रुव से चर्चा किए जाने पर उन्होंने बताया कि सड़क की स्थिति को देखते हुए इस मामले की जानकारी एवं संदेश जिला स्तर से लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय तक पहुंचाया जा चुका है। लेकिन प्रदेश सरकार के द्वारा इसे न गंभीरता से लिया जा रहा है और न ही कोई ध्यान दिया जा रहा है। विधायक के अनुसार, इसके बाद जिला स्तर पर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से भी पुनः चर्चा की गई है।
विधायक ने बताया कि फिलहाल लोगों को आवागमन में राहत मिल सके, इसके लिए कुछ आवश्यक मरम्मत कार्य शुरू किए जाने की बात अधिकारियों द्वारा कही गई है। हालांकि, स्थानीय लोगों की मांग है कि केवल अस्थायी मरम्मत तक सीमित न रहकर सड़क की वास्तविक स्थिति का तकनीकी आकलन कर स्थायी एवं गुणवत्तापूर्ण सुधार कार्य कराया जाए।
स्थायी समाधान की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की जर्जर स्थिति को देखते हुए सिर्फ गड्ढों की मरम्मत पर्याप्त नहीं होगी। मार्ग का समुचित सुधार और आवश्यकतानुसार नवीनीकरण किया जाना जरूरी है, ताकि आने वाले समय में लोगों को बार-बार इसी समस्या का सामना न करना पड़े।सड़क की बदहाली को लेकर स्थानीय स्तर पर लगातार चर्चा हो रही है। लोगों का कहना है कि जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग को इस समस्या को प्राथमिकता के आधार पर लेना चाहिए। छुरा–रसेला मार्ग पर सुगम एवं सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करना क्षेत्रवासियों की मूलभूत जरूरत है। अब देखना होगा कि अधिकारियों द्वारा प्रस्तावित मरम्मत कार्य कब शुरू होता है वहीं इस पर विभागीय स्तर एवं प्रदेश सरकार के द्वारा क्या निर्णय लिया जाएगा और सड़क की समस्या का स्थायी समाधान कब तक हो पाता है।




