PM मोदी के जन्मदिन पर पुतिन का खास संदेश, बोले- भारत-रूस रिश्ते मजबूत करने में आपके योगदान को कम नहीं आंका जा सकता

Spread the love

मॉस्को/नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने उन्हें बधाई दी है। रूसी राष्ट्रपति ने भारत-रूस संबंधों को लेकर प्रधानमंत्री मोदी के योगदान की सराहना की और हालिया दिल्ली यात्रा के दौरान मिले स्वागत के लिए उनका आभार जताया। रूसी दूतावास ने पुतिन का संदेश सोशल मीडिया मंच X पर साझा किया।

भारत-रूस रणनीतिक साझेदारी में योगदान का किया जिक्र

पुतिन ने अपने संदेश में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को अपने देशवासियों का गहरा सम्मान हासिल है और वैश्विक मंच पर भी उनका बड़ा सम्मान है। उन्होंने भारत और रूस के बीच ‘विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी’ को मजबूत करने में प्रधानमंत्री मोदी के व्यक्तिगत योगदान का उल्लेख किया।

रूसी राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए दोनों देशों के बीच आगे भी सहयोग जारी रखने की बात कही।

दिल्ली यात्रा और मोदी से बातचीत का भी किया जिक्र

पुतिन ने पिछले सप्ताह नई दिल्ली की अपनी यात्रा का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री मोदी और भारतीय पक्ष की ओर से मिले गर्मजोशी भरे स्वागत एवं मेहमाननवाजी के लिए आभार व्यक्त किया।

उन्होंने भारत यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के साथ हुई बातचीत को सार्थक, स्पष्ट और रचनात्मक बताया। पुतिन ने अपने संदेश में प्रधानमंत्री मोदी की राजनीतिक समझ और दूरदर्शिता का भी उल्लेख किया।

रूसी राष्ट्रपति ने कहा कि भारत और रूस द्विपक्षीय तथा अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर आगे भी रचनात्मक सहयोग जारी रखेंगे।

ये भी पढ़े :कवर्धा मेडिकल कॉलेज के प्रथम बैच का ऐतिहासिक शुभारंभ, डिप्टी CM विजय शर्मा ने विद्यार्थियों से कहा- ‘ऐसी कहानी लिखिए, जिससे आने वाली पीढ़ियां प्रेरणा लें’

BRICS सम्मेलन में शामिल होने दिल्ली आए थे पुतिन

पुतिन हाल ही में 12 और 13 सितंबर को दिल्ली में आयोजित 18वें BRICS शिखर सम्मेलन में शामिल होने भारत आए थे। सम्मेलन के दौरान उन्होंने BRICS के सत्रों में हिस्सा लिया और भारत मंडपम में आयोजित ‘भारत इनोवेट्स’ प्रदर्शनी का भी दौरा किया।

इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी और पुतिन के बीच द्विपक्षीय बैठक भी हुई। दोनों नेताओं ने व्यापार, आर्थिक सहयोग, बुनियादी ढांचे, ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, रक्षा और संस्कृति सहित कई क्षेत्रों में सहयोग पर चर्चा की।

भारत-रूस संबंधों पर बनी रही नजर

पुतिन का जन्मदिन संदेश ऐसे समय आया है, जब भारत और रूस के बीच द्विपक्षीय संबंधों तथा हालिया उच्चस्तरीय बैठकों पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ध्यान बना हुआ है। जन्मदिन की बधाई में पुतिन ने विशेष रूप से दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने में प्रधानमंत्री मोदी की भूमिका का उल्लेख किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *