रायगढ़: पांच ट्रकों से 300 लीटर डीजल चोरी, खरीदने वाला ढाबा संचालक भी गिरफ्तार

Spread the love

रायगढ़  :  पूंजीपथरा पुलिस ने ट्रकों से डीजल चोरी करने वाले आरोपी और चोरी का डीजल खरीदने वाले ढाबा संचालक को गिरफ्तार कर डीजल चोरी के मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 80 लीटर चोरी का डीजल, जिसकी कीमत करीब 8 हजार रुपये है, तथा चोरी में प्रयुक्त महिंद्रा जाइलो कार क्रमांक OD 05 AL 7035, कीमत करीब 3 लाख रुपये, जब्त की है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

जानकारी के अनुसार 18 नवंबर को प्रार्थी शशिकांत उपाध्याय (38 वर्ष) ने थाना पूंजीपथरा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह ट्रक चलाने का काम करता है। दिनांक 17 नवंबर की रात वह ट्रक क्रमांक CG 15 EB 8542 लेकर पूंजीपथरा आया था और सड़क किनारे ट्रक खड़ा कर सो गया था। उसके आसपास अन्य ट्रक भी खड़े थे। अगले दिन 18 नवंबर की सुबह उठकर देखा तो उसके ट्रक की डीजल टंकी टूटी हुई थी और डीजल गायब था। आसपास खड़े चार अन्य ट्रकों की डीजल टंकियां भी तोड़कर अज्ञात चोरों द्वारा करीब 300 लीटर डीजल चोरी कर लिया गया था। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना पूंजीपथरा मं अपराध क्रमांक 307/2026 धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

ये भी पढ़े :वास्तु टिप्स: किचन में किस दिशा में रखना चाहिए नमक? जानें सही बर्तन और रखने के 6 जरूरी नियम

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी के मार्गदर्शन एवं डीएसपी श्री सुशांतो बनर्जी के सुपरविजन में थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव के हमराह पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और मुखबिरों को सक्रिय किया। इसी दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने संदेही सूरज यादव (23 वर्ष), निवासी ग्राम सराईटोला, थाना बागबहार, जिला जशपुर, हाल मुकाम दीनदयाल कॉलोनी रायगढ़ को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पिछले करीब एक वर्ष से रायगढ़ में छोटी गाड़ी चलाने का काम करता है और उसने पुरानी महिंद्रा जाइलो कार खरीदी है। पैसों की आवश्यकता होने पर उसने 17 नवंबर की रात अपनी जाइलो कार से सुनसान स्थानों पर खड़े ट्रकों की रेकी की और पांच ट्रकों की डीजल टंकियां तोड़कर डीजल अपने साथ रखे खाली ड्रमों में भर लिया। चोरी किए गए डीजल में से कुछ ट्रक चालकों को बेचा तथा कुछ डीजल संबलपुरी स्थित पूजा ढाबा के संचालक मुकेश मखीजा को बेच दिया। शेष डीजल अपने पास छिपाकर रखा था।

आरोपी से मिली जानकारी पर पुलिस ने पूजा ढाबा में दबिश दी और ढाबा संचालक मुकेश कुमार मखीजा (44 वर्ष), निवासी बोईरदादर रायगढ़ से पूछताछ की। पूछताछ में उसने चोरी का डीजल खरीदना स्वीकार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से 30 लीटर तथा मुख्य आरोपी सूरज यादव के कब्जे से 50 लीटर डीजल बरामद किया। इस प्रकार कुल 80 लीटर डीजल, कीमत करीब 8 हजार रुपये और चोरी में प्रयुक्त महिंद्रा जाइलो कार, कीमत करीब 3 लाख रुपये, जब्त की गई। चोरी का डीजल खरीदने के साक्ष्य मिलने पर प्रकरण में धारा 317(2) बीएनएस जोड़ी गई। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

गिरफ्तार आरोपी :
1. सूरज यादव पिता लोहरा राम यादव, उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम सराईटोला, थाना बागबहार, जिला जशपुर, वर्तमान पता दीनदयाल कॉलोनी रायगढ़।
2. मुकेश कुमार मखीजा पिता विजय मखीजा, उम्र 44 वर्ष, निवासी बोईरदादर रायगढ़, संचालक पूजा ढाबा संबलपुरी।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव, प्रधान आरक्षक पारसमणी बेहरा, आरक्षक विनोद शर्मा, हेमसागर पटेल एवं शेखर चंद्राकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *