बारिश ने बदली गणेश विसर्जन झांकी की तारीख! राजनांदगांव के बाद अब रायपुर में भी बदलाव के संकेत

Spread the love

रायपुर: अनंत चतुर्दशी के साथ गणेश उत्सव का समापन होने जा रहा है। राजधानी रायपुर में गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन और भव्य झांकी को लेकर तैयारियां चल रही हैं। हर साल की तरह इस बार भी प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के रायपुर पहुंचने की उम्मीद है। लेकिन लगातार हो रही बारिश ने गणेश समितियों और प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है।

बारिश के चलते रायपुर में गणेश विसर्जन झांकी की निर्धारित तारीख में बदलाव की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल 27 सितंबर को झांकी निकालने की तैयारी थी, लेकिन अब इसे एक दिन आगे बढ़ाकर 28 सितंबर को किए जाने पर चर्चा हो सकती है। हालांकि, अंतिम फैसला प्रशासन और गणेश झांकी समितियों की बैठक के बाद होगा।

बारिश के कारण बढ़ी परेशानी

प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है। ऐसे में गणेश समितियों को झांकी और विसर्जन जुलूस के आयोजन को लेकर दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

रायपुर में फिलहाल 27 सितंबर की तारीख निर्धारित थी। अब मौसम की स्थिति को देखते हुए प्रशासन और गणेश समितियों के बीच बैठक प्रस्तावित है। इसी बैठक में झांकी की नई तारीख और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर अंतिम निर्णय लिया जा सकता है।

राजनांदगांव में बदली गई झांकी की तारीख

बारिश का असर राजनांदगांव के गणेश विसर्जन कार्यक्रम पर भी पड़ा है। यहां शुक्रवार 25 सितंबर को गणेश विसर्जन झांकियां निकलनी थीं। लेकिन लगातार तेज बारिश को देखते हुए गणेश समितियों की बैठक बुलाई गई।

बैठक में सर्वसम्मति से झांकी को 26 सितंबर को निकालने का फैसला किया गया। बैठक में झांकी समिति के अध्यक्ष, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक समेत पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।

राजनांदगांव की पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने भी झांकी समितियों के साथ चर्चा के बाद तारीख में बदलाव की पुष्टि की है।

ये भी पढ़े  :बालोद में भीषण सड़क हादसा: DJ वाली पिकअप और ट्रक की जोरदार भिड़ंत, 5 युवकों की मौत; 5 गंभीर

रायपुर में भी तारीख बदलने पर मंथन

राजनांदगांव में तारीख बदलने के बाद अब रायपुर में भी गणेश विसर्जन झांकी की तारीख को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

रायपुर कमिश्नरेट मध्य जोन के डीसीपी तारकेश्वर पटेल ने बताया कि राजनांदगांव में झांकी विसर्जन की तारीख बदले जाने की जानकारी मिली है। रायपुर में वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी दी जा रही है।

उन्होंने बताया कि फिलहाल रायपुर में तारीख बदलने को लेकर कोई अंतिम सूचना नहीं है। गणेश झांकी समितियों के साथ बैठक कर चर्चा की जाएगी, जिसके बाद आगे का निर्णय लिया जाएगा।

अब बैठक के बाद होगा फैसला

राजधानी में गणेश विसर्जन झांकी एक बड़ा आयोजन होता है। ऐसे में बारिश के बीच प्रशासन के सामने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और विसर्जन जुलूस के सुचारु संचालन की चुनौती भी रहेगी।

फिलहाल 27 सितंबर की झांकी को 28 सितंबर तक टालने की संभावना पर चर्चा है। हालांकि, जब तक प्रशासन और गणेश समितियों की बैठक में अंतिम निर्णय नहीं होता, तब तक तारीख में बदलाव को आधिकारिक नहीं माना जा सकता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *