छुरा थाना परिसर में भावुक हुआ माहौल, थाना प्रभारी ने साइबर अपराध से बचाव के बताए उपाय
परमेश्वर राजपूत, गरियाबंद/छुरा : रक्षाबंधन के पावन पर्व पर छुरा थाना परिसर में भाई-बहन के स्नेह और सामाजिक समरसता की अनूठी तस्वीर देखने को मिली। वनबंधु परिषद एकल अभियान एवं एकल ग्रामोत्थान फाउंडेशन महिला सशक्तिकरण के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित रक्षाबंधन कार्यक्रम में एकल अभियान से जुड़ी आचार्य दीदियों ने पुलिस जवानों एवं थाना स्टाफ की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उन्हें रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।देश और समाज की सुरक्षा में दिन-रात अपनी जिम्मेदारी निभाने वाले पुलिस जवानों के प्रति बहनों ने सम्मान एवं आभार व्यक्त किया। इस दौरान थाना परिसर में भाई-बहन के स्नेह, विश्वास और अपनत्व का भाव नजर आया। पुलिस जवानों ने भी बहनों द्वारा बांधी गई राखी को सम्मानपूर्वक स्वीकार करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
साइबर ठगी से बचने थाना प्रभारी ने किया जागरूक
रक्षाबंधन कार्यक्रम के साथ ही थाना प्रभारी ज्ञानेश्वर सिंह गंगवाल ने उपस्थित लोगों को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने मोबाइल फोन, सोशल मीडिया और ऑनलाइन लेन-देन के दौरान सावधानी बरतने की आवश्यकता पर जोर देते हुए साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी।थाना प्रभारी ने कहा कि साइबर अपराधी लोगों को फर्जी कॉल, मैसेज, लिंक और अन्य माध्यमों से अपने जाल में फंसाने का प्रयास करते हैं। ऐसे में किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक संबंधी जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। उन्होंने ओटीपी, एटीएम/बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी और पासवर्ड किसी के साथ साझा नहीं करने, अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने तथा संदिग्ध कॉल या संदेश मिलने पर सतर्क रहने की अपील की।उन्होंने ऑनलाइन लेन-देन करते समय विशेष सावधानी बरतने और किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल इसकी सूचना संबंधित साइबर हेल्पलाइन एवं पुलिस को देने की बात कही।
सामाजिक समरसता का दिया संदेश
कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस जवानों और समाज के बीच आपसी विश्वास, भाई-बहन के स्नेह, सम्मान एवं सामाजिक समरसता की भावना को मजबूत करना रहा। रक्षाबंधन के माध्यम से जहां पुलिस जवानों के प्रति समाज ने सम्मान प्रकट किया, वहीं साइबर जागरूकता कार्यक्रम ने लोगों को आधुनिक तकनीक के सुरक्षित उपयोग का संदेश भी दिया।कार्यक्रम में एकल अभियान से जुड़े कार्यकर्ता, आचार्य दीदियां एवं छुरा थाना स्टाफ उपस्थित रहे। रक्षाबंधन के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम ने पुलिस और समाज के बीच संवेदनशील एवं आत्मीय रिश्ते की खूबसूरत मिसाल पेश की।




