



Ramayana Box Office Collection Day 3: रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश स्टारर फिल्म ‘रामायण पार्ट 1’ सिनेमाघरों में शानदार प्रदर्शन कर रही है। 5 नवंबर को रिलीज हुई इस फिल्म ने महज तीन दिनों में बॉक्स ऑफिस पर बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। भारत में फिल्म का नेट कलेक्शन 182 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है, जबकि दुनियाभर में इसकी कुल कमाई 375.50 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गई है।
निर्देशक नितेश तिवारी की इस फिल्म को लेकर रिलीज से पहले ही दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा था। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में नजर आ रहे हैं। बड़े बजट की इस फिल्म को दो भागों में तैयार किया जा रहा है।
तीसरे दिन ‘रामायण’ की कमाई में जबरदस्त उछाल
बॉक्स ऑफिस के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, ‘रामायण पार्ट 1’ ने शनिवार यानी 7 नवंबर को भारत में 69.80 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। तीसरे दिन की इस कमाई के साथ फिल्म की रफ्तार फिर तेज हो गई है।
भाषा के आधार पर देखें तो हिंदी संस्करण ने सबसे ज्यादा कमाई की। हिंदी में 19,927 शो से 53 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। वहीं कन्नड़ में 6.30 करोड़, तेलुगु में 6 करोड़, तमिल में 2.50 करोड़ और मलयालम में 2 करोड़ रुपये की कमाई दर्ज की गई।
इस तरह भारत में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 182.70 करोड़ रुपये और ग्रॉस कलेक्शन 218.25 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
पहले दिन 64 करोड़, दूसरे दिन आई गिरावट
फिल्म ने रिलीज के पहले दिन यानी गुरुवार, 5 नवंबर को शानदार शुरुआत की थी। शुरुआती दिन ‘रामायण पार्ट 1’ ने भारत में 64.85 करोड़ रुपये नेट और 77.50 करोड़ रुपये ग्रॉस कमाए थे।
हालांकि दूसरे दिन शुक्रवार को फिल्म की कमाई में गिरावट देखने को मिली। 6 नवंबर को फिल्म ने 48.05 करोड़ रुपये नेट और 57.30 करोड़ रुपये ग्रॉस का कारोबार किया। पहले दिन के मुकाबले दूसरे दिन कमाई में करीब 25.9 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई.
लेकिन तीसरे दिन फिल्म ने शानदार वापसी करते हुए 69.80 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया और एक बार फिर बॉक्स ऑफिस पर अपनी मजबूत पकड़ बना ली।
विदेशों में भी ‘रामायण’ का जलवा
भारतीय बॉक्स ऑफिस के साथ-साथ विदेशी बाजारों में भी फिल्म को अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। तीसरे दिन विदेशों से फिल्म ने करीब 60 करोड़ रुपये की कमाई की। इसके साथ ही विदेशी बाजारों में इसका कुल ग्रॉस कलेक्शन 157.25 करोड़ रुपये हो गया है।
भारत और विदेशों की कमाई को मिलाकर ‘रामायण पार्ट 1’ का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन तीन दिनों में 375.50 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है। अब दर्शकों की नजर इस बात पर रहेगी कि आने वाले दिनों में फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कितने नए रिकॉर्ड कायम करती है।




