Bastar Diwali 2026: नक्सलवाद के खात्मे के बाद पहली बार बस्तर में दीपावली, जवानों के साथ त्योहार मनाएंगे PM मोदी

Spread the love

 

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर में इस बार दीपावली का उत्सव बेहद खास होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बस्तर पहुंचकर वीर जवानों के साथ दीपावली मनाएंगे। नक्सलवाद के खात्मे के बाद बस्तर में मनाई जा रही इस दीपावली को लेकर खास उत्साह देखा जा रहा है। प्रधानमंत्री का यह दौरा क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास के नए दौर का प्रतीक माना जा रहा है।

PM मोदी की मौजूदगी में मनेगा दीपोत्सव

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया के माध्यम से बस्तर में दीपावली मनाने की जानकारी साझा की है। उनके दौरे को लेकर क्षेत्र में तैयारियां की जा रही हैं। प्रधानमंत्री जवानों के बीच पहुंचकर उनके साथ त्योहार की खुशियां साझा करेंगे और देश की सुरक्षा में तैनात वीर सैनिकों के त्याग एवं समर्पण को नमन करेंगे।

‘जहां नक्सलियों का कहर था, वहां आज विकास की बहार’

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “दीपावली के पावन अवसर पर बस्तर जा रहा हूं। कल तक जहां नक्सलियों का कहर था, वहां आज विकास की बहार है। वीर जवानों, उनके बलिदान, त्याग और तपस्या को नमन करने जा रहा हूं।”

प्रधानमंत्री के इस संदेश में बस्तर में आए बदलाव और सुरक्षा बलों के योगदान को प्रमुखता दी गई है। कभी नक्सली हिंसा के लिए चर्चा में रहने वाला बस्तर अब शांति और विकास की नई पहचान बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने किया PM मोदी का स्वागत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बस्तर दौरे का छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने स्वागत किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा, “नक्सल मुक्त बस्तर में प्रधानमंत्री जी का स्वागत है।”

प्रधानमंत्री का जवानों के साथ दीपावली मनाने का कार्यक्रम बस्तर के लिए भावनात्मक और ऐतिहासिक महत्व रखता है। इस मौके पर सुरक्षा बलों के साहस, बलिदान और समर्पण को सम्मान देने के साथ ही नक्सलवाद से प्रभावित रहे क्षेत्र में आए बदलाव का संदेश भी सामने आएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *