बेमेतरा टेकेश्वर दुबे : सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत गत दिवस स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय साजा में स्वच्छता और सेवा का संदेश देने के लिए विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। छात्र-छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक और आकर्षक रंगोली के माध्यम से स्वच्छता, सेवा और देश की विकास गाथा का जीवंत चित्रण प्रस्तुत किया।
बच्चों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश में हुए विकास कार्यों, स्वच्छ भारत अभियान और सेवा ही संकल्प है, के संदेश को प्रभावी ढंग से दर्शाया गया। वहीं रंगोली के माध्यम से स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया, जिसकी सभी ने सराहना की।
इस अवसर पर जिला पंचायत बेमेतरा उपाध्यक्ष प्रतिनिधि श्री बलराम पटेल, जनपद पंचायत साजा उपाध्यक्ष श्री नारद वर्मा, नगर पंचायत साजा अध्यक्ष श्री हिमांशु वर्मा, विधायक प्रतिनिधि श्री नेतराम साहू, श्री नारद देवांगन, श्रीमती इंद्राणी सिन्हा तथा शाला विकास प्रबंधन समिति के अध्यक्ष श्री बिसरू राम साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
जनप्रतिनिधियों ने बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों में देशभक्ति, स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य ही जन-जन तक सेवा और स्वच्छता का संदेश पहुंचाना है।




