खाना बनाने को लेकर पति-पत्नी में विवाद, महिला पर लकड़ी के गेंड़ा और ईंट से हमला; मौत

Spread the love

गरियाबंद : जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में खाना बनाने को लेकर हुए विवाद के बाद एक महिला की मौत का मामला सामने आया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में महिला के पति पर लकड़ी के गेंड़ा से हमला करने और इसके बाद ईंट से सिर व चेहरे पर वार करने का आरोप सामने आया है। गंभीर चोटों के चलते महिला की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर उसे हिरासत में लिया है।

सड़क पर गंभीर हालत में मिली महिला

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम आमझर निवासी कुमारी बाई कमार (35 वर्ष) शुक्रवार को घर के सामने सड़क पर गंभीर हालत में मिली। उसके सिर और चेहरे पर चोट के निशान थे।

महिला की हालत देखकर परिजनों ने तत्काल उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

ये भी पढ़े :सेवा संकल्प अभियान: साजा के स्वामी आत्मानंद स्कूल में नुक्कड़ नाटक और रंगोली से दिया स्वच्छता का संदेश

खाना बनाने को लेकर हुआ था विवाद

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों के बयान दर्ज कर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 10 से 11 बजे के बीच कुमारी बाई कमार और उसके पति विश्राम कमार के बीच खाना बनाने को लेकर विवाद हुआ था।

पुलिस के अनुसार, इसी दौरान विश्राम कमार पर आरोप है कि उसने लकड़ी के गेंड़ा से कुमारी बाई पर हमला किया। इसके बाद ईंट से उसके सिर और चेहरे पर वार किए गए। गंभीर चोटों के कारण महिला की मौत हो गई।

भाई की शिकायत पर पति के खिलाफ केस

मृतका के भाई कृष्णा कुमार सोरी की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी पति विश्राम कमार के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच और पूछताछ के बाद ही मामले की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *