कवर्धा। टेकेश्वर दुबे। 13 सितंबर 2026। कबीरधाम जिले के युवा मित्र मंडल द्वारा ‘संवैधानिक हिंदू राष्ट्र’ की परिकल्पना को लेकर सात दिवसीय संकल्प यात्रा एवं प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन किया गया। 7 से 12 सितंबर तक आयोजित इस यात्रा में कवर्धा, बेमेतरा और खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के करीब 60 युवा कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। यात्रा का आयोजन पुरीपीठाधीश्वर जगद्गुरु स्वामी निश्चलानंद सरस्वती जी महाराज के मार्गदर्शन और आशीर्वाद से किए जाने की बात आयोजकों ने कही।
यात्रा के दौरान युवाओं ने धार्मिक और आध्यात्मिक स्थलों का भ्रमण किया। प्रतिभागियों ने द्वारिका, नागेश्वर ज्योतिर्लिंग, सोमनाथ, बेट द्वारिका और सुदामा पुरी के दर्शन किए। आयोजकों के अनुसार, तीर्थ यात्रा का उद्देश्य युवाओं को धर्म और धर्मशास्त्रों के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें संगठनात्मक एवं वैचारिक प्रशिक्षण देना था।
योग और ध्यान का भी कराया गया अभ्यास
प्रशिक्षण वर्ग के दौरान प्रतिभागियों को योगाभ्यास और ध्यान का अभ्यास कराया गया। आयोजकों के अनुसार, इस दौरान आर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक श्री श्री रविशंकर द्वारा निर्देशित योग एवं ध्यान पद्धति का अभ्यास कराया गया।
वहीं रात्रिकालीन बौद्धिक सत्रों में भारत को ‘संवैधानिक हिंदू राष्ट्र’ बनाने की संगठन की परिकल्पना और इससे जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। इनमें इस व्यवस्था की आवश्यकता क्यों बताई जा रही है, इससे राष्ट्र को क्या लाभ होगा, इसका निर्माण कौन करेगा, संकल्प को कब तक पूरा किया जा सकता है और इसे पूरा करने की दिशा में क्या प्रयास किए जाने चाहिए, जैसे विषय शामिल रहे।
प्रत्येक प्रतिभागी ने किया सवा लाख भगवान नाम जाप
यात्रा की एक विशेष गतिविधि के रूप में प्रत्येक प्रशिक्षणार्थी द्वारा संकल्प की सिद्धि के लिए सवा लाख भगवान नाम जाप किए जाने की बात आयोजकों ने कही। संगठन के अनुसार, यात्रा और प्रशिक्षण के दौरान धार्मिक साधना के साथ युवाओं को सामाजिक एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर भी मार्गदर्शन दिया गया।
ये पदाधिकारी और युवा रहे शामिल
इस यात्रा एवं प्रशिक्षण वर्ग में प्रमुख रूप से प्रांत संगठन मंत्री कैलाश शर्मा ,प्रांत अध्यक्ष सुधीर सेंगर , उपाध्यक्ष राहुल चौरसिया , नभो मार्ग प्रमुख बृजेश तिवारी ,हनुमंत दल प्रांत संयोजक हिंदू दुर्गेश देवांगन , हनुमंत दल, जिला कार्यकारी अध्यक्ष सागर साहू ,जिला महामंत्री रुपेश (के.सी. जी जिला), हनुमंत दल जिला संयोजक मनोज साहू,, विशेष अतिथि विश्वजीत उर्फ मोनू ठाकुर ,विकास मिश्रा ,सुभाष तम्बोली की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ।।
साथी प्रशिक्षणार्थी के रूप में दीपक यादव ,डेविड शर्मा,जागेलाल वर्मा,लीलाधर साहू, हेम कुमार पटेल,धनीराम साहू, राजा पाली, चंद्रू चेलक, शनेश्वर निषाद, सहित 60 युवा साथियों ने बढ़ चढ़कर संकल्प यात्रा मे हिस्सा लिया….।




