स्कूल में घुसकर शिक्षक पर लाठी-डंडे से हमला, ट्रक से कुचलने की धमकी; आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

बलरामपुर: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में स्कूल परिसर के भीतर सहायक शिक्षक के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। वाड्रफनगर क्षेत्र के मदनपुर प्राथमिक विद्यालय में एक व्यक्ति के नशे की हालत में पहुंचने और कर्मचारियों से गाली-गलौज करने का आरोप है। इसके बाद उसने सहायक शिक्षक कमलेश गुप्ता पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया। घटना में शिक्षक के सिर, हाथ और कमर में चोटें आई हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

स्कूल परिसर में गाली-गलौज के बाद शिक्षक पर हमला

मामला बसंतपुर थाना क्षेत्र की वाड्रफनगर चौकी का है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को दोपहर करीब 1:45 बजे मदनपुर प्राथमिक विद्यालय के कार्यालय के सामने आरोपी प्रदीप मरावी पहुंचा। उस पर नशे की हालत में स्कूल कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज करने और उन्हें धमकाने का आरोप है।

आरोप है कि इसके बाद वह सहायक शिक्षक कमलेश गुप्ता के पास पहुंचा और उन पर डंडे से हमला कर दिया। हमले में शिक्षक के सिर, हाथ और कमर में चोटें आईं। आरोपी ने कथित तौर पर शिक्षक को जान से मारने और ट्रक से कुचलने की धमकी भी दी।

घटना के दौरान स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। मदद की आवाज सुनकर अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे।

ये भी पढ़े :लोरमी में हाथियों का तांडव! मकान ढहाया, मवेशियों को कुचला; परिवार ने भागकर बचाई जान

डायल 112 की टीम पहुंची, पुलिस ने दर्ज किया मामला

घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। शिक्षक और आरोपी को पुलिस चौकी ले जाया गया, जहां मामले की जानकारी जुटाई गई।

शिक्षक ने पुलिस को बताया कि आरोपी पहले भी इस तरह की घटना को अंजाम दे चुका है और उस मामले में अपराध दर्ज हुआ था। शिकायत के अनुसार, इसी बात को लेकर नाराजगी के चलते आरोपी ने दोबारा हमला किया।

आरोपी गिरफ्तार, न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा गया

पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया। वहां से उसे जेल भेज दिया गया। स्कूल परिसर में हुई इस घटना ने शिक्षकों और कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *