कोरबा में रफ्तार का कहर: पेड़ से टकराकर 50 मीटर दूर पलटी स्कॉर्पियो, 18 साल के युवक की मौत

Spread the love

कोरबा : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में शुक्रवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। कटघोरा-बांकी मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर के बाद वाहन करीब 50 मीटर दूर जाकर पलट गया। हादसा इतना जबरदस्त था कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

पेड़ से टकराने के बाद पलटी कार

जानकारी के मुताबिक, स्कॉर्पियो में दो युवक सवार थे। शुक्रवार तड़के वाहन तेज रफ्तार से गुजर रहा था। इसी दौरान चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया और स्कॉर्पियो सड़क किनारे लगे पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर के बाद कार करीब 50 मीटर आगे जाकर पलट गई।

हादसे में रूपेश पटेल (18) की मौत हो गई। वहीं, उसके साथ मौजूद आर्यन गोंड गंभीर रूप से घायल हो गया।

ये भी पढ़े :सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी के बाद तेज हुई जांच, CBI ने रायपुर में मोहित सोमानी के घर दी दबिश

पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। वहीं, मृतक रूपेश पटेल के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। दोनों युवकों के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है।

दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी में वाहन की तेज रफ्तार और अनियंत्रित होने की बात सामने आई है। हालांकि, स्कॉर्पियो किस वजह से चालक के नियंत्रण से बाहर हुई, इसका वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *