बेमेतरा के डेयरी पॉलीटेक्निक में छात्रों ने बनाई कुल्हड़ रबड़ी, पनीर और व्हे ड्रिंक, मिला प्रैक्टिकल प्रशिक्षण

Spread the love

बेमेतरा टेकेश्वर दुबे : चोरभट्टी स्थित शासकीय डेयरी पॉलीटेक्निक, बेमेतरा में विद्यार्थियों को डेयरी उत्पाद निर्माण का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. चन्द्रहास साहू तथा असिस्टेंट टीचर्स कु. अनुभूति द्विवेदी, कु. प्रीति खुंटे एवं कु. निकिता शर्मा के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने प्रयोगशाला में कुल्हड़ रबड़ी, व्हे ड्रिंक और पनीर निर्माण की विधि का प्रायोगिक अभ्यास किया।

महाविद्यालय में विद्यार्थियों को नियमित रूप से विभिन्न प्रकार के दुग्ध उत्पादों के निर्माण का प्रशिक्षण दिया जाता है। प्रशिक्षण के दौरान तैयार किए गए उत्पादों को समय-समय पर विभिन्न स्थानों पर स्टॉल लगाकर उपभोक्ताओं तक भी पहुंचाया जाता है। इससे विद्यार्थियों को अपने उत्पादों की गुणवत्ता पर उपभोक्ताओं की प्रतिक्रिया प्राप्त होती है, साथ ही डेयरी उत्पादों के विपणन और उद्यमिता का व्यावहारिक अनुभव भी मिलता है। वहीं उपभोक्ताओं को उचित मूल्य पर शुद्ध, मिलावट रहित एवं गुणवत्तापूर्ण डेयरी उत्पाद उपलब्ध होते हैं।

महाविद्यालय द्वारा भविष्य में फ्लेवर्ड मिल्क, खोआ, रसगुल्ला, मीठा दही सहित अन्य डेयरी उत्पादों का निर्माण कर उन्हें बेमेतरा शहर के उपभोक्ताओं तक उपलब्ध कराने की भी योजना बनाई गई है।

ये भी पढ़े :कबीरधाम पुलिस ने चेन स्नैचिंग गैंग का किया पर्दाफाश, 5 मामले सुलझे; 6 आरोपी गिरफ्तार

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ शासन एवं दाऊ श्री वासुदेव चन्द्राकर कामधेनू विश्वविद्यालय के सहयोग से ग्राम चोरभट्टी में संचालित शासकीय डेयरी पॉलीटेक्निक में कक्षा 12वीं गणित अथवा जीवविज्ञान विषय से उत्तीर्ण विद्यार्थियों को मेरिट के आधार पर प्रवेश दिया जाता है। यह पाठ्यक्रम विशेष रूप से उन विद्यार्थियों के लिए उपयोगी है, जो 12वीं के बाद तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर अवसर प्राप्त करना चाहते हैं।

महाविद्यालय का दो वर्षीय (चार सेमेस्टर) पाठ्यक्रम तेजी से विकसित हो रहे डेयरी उद्योग के लिए प्रशिक्षित एवं कुशल मानव संसाधन तैयार करने पर केंद्रित है। इस पाठ्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों के लिए शासकीय, अर्धशासकीय एवं निजी डेयरी संस्थानों में रोजगार के साथ-साथ स्वरोजगार और उद्यमिता के भी व्यापक अवसर उपलब्ध होते हैं।

वर्तमान में संस्थान में प्रवेश प्रक्रिया जारी है। गणित एवं जीवविज्ञान विषय से 12वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों के लिए डेयरी सेक्टर में करियर बनाने का यह सुनहरा अवसर है। प्रवेश एवं अन्य जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी शासकीय डेयरी पॉलीटेक्निक, चोरभट्टी से संपर्क कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 9200172864, 8964844803, 9340291259, 7000231858, 7000240762 एवं 9098360150 पर संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *