रायपुर में गणेश विसर्जन झांकी के रूट पर बवाल! सदर बाजार में लगे पोस्टर-‘यहां से झांकी मत लाओ’

Spread the love

रायपुर : गणेश विसर्जन झांकी को लेकर राजधानी रायपुर में रूट का मुद्दा गरमाने लगा है। सदर बाजार और सराफा क्षेत्र में झांकी नहीं ले जाने की मांग को लेकर जगह-जगह पोस्टर लगाए गए हैं। वहीं, सदर रोड सर्राफा संघ ने पुलिस-प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर सिटी कोतवाली चौक से कंकाली अस्पताल तक तेज आवाज वाले डीजे-धुमाल समेत अन्य ध्वनि उपकरणों पर रोक लगाने की मांग की है।

सराफा संघ का कहना है कि सदर बाजार का रास्ता लगातार बढ़ती आबादी और यातायात के दबाव के बीच काफी संकरा हो गया है। ऐसे में गणेश विसर्जन झांकी निकलने के दौरान जाम और तेज आवाज के कारण स्थानीय लोगों और व्यापारियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

सदर बाजार में लगाए गए पोस्टर

सराफा बाजार क्षेत्र में लगाए गए पोस्टरों के जरिए इस बार सदर रोड से गणेश विसर्जन झांकी नहीं निकालने की मांग उठाई गई है। सदर रोड सर्राफा संघ ने इसे स्थानीय व्यापारियों और रहवासियों की परेशानी से जोड़ते हुए पुलिस-प्रशासन के सामने अपना पक्ष रखा है।

संघ की ओर से कलेक्टर और पुलिस कमिश्नर को ज्ञापन सौंपे जाने की बात कही गई है। स्थानीय थाना प्रभारी से भी व्यवस्था में बदलाव का अनुरोध किया गया है।

‘सदर से नहीं, दूसरे मार्ग से निकाली जाए झांकी’

सर्राफा व्यापारी संघ के पूर्व अध्यक्ष हरेक मालू ने कहा कि इस बार झांकी को सदर बाजार से नहीं ले जाया जाना चाहिए। उनका कहना है कि बढ़ती आबादी के बीच सदर का मार्ग काफी संकरा है और झांकी निकलने के दौरान जाम की स्थिति बनती है।

उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र में पहले मकान गिरने जैसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इसके अलावा बुजुर्गों, वरिष्ठ नागरिकों और बच्चों को तेज आवाज तथा भीड़ के कारण परेशानी होने की बात भी उन्होंने कही।

ये भी पढ़े :सरकारी चावल, निजी पिकअप और कई सवाल… गोबरा नवापारा की PDS दुकान में क्या हुआ?

बूढ़ा तालाब-मालवीय रोड से रूट बदलने का सुझाव

हरेक मालू के मुताबिक, गणेश विसर्जन झांकी के लिए बूढ़ा तालाब और मालवीय रोड की ओर से वैकल्पिक रूट अपनाया जा सकता है। उनका कहना है कि यदि झांकी समितियों की ओर से स्वागत के लिए पंडाल लगाए जाते हैं तो उन्हें वैकल्पिक मार्ग पर भी लगाया जा सकता है।

सर्राफा संघ ने प्रशासन से ऐसी व्यवस्था बनाने का अनुरोध किया है, जिससे झांकी के आयोजन के साथ स्थानीय लोगों और व्यापारियों को भी कम से कम परेशानी हो।

पुलिस-प्रशासन की बैठक पर टिकी नजर

गणेश विसर्जन झांकी के रूट को लेकर पुलिस और प्रशासन की ओर से विभिन्न गणेश उत्सव समितियों और संघों के साथ बैठक की जानी है। ऐसे में बैठक से पहले सदर बाजार में लगाए गए पोस्टरों और सर्राफा संघ के ज्ञापन को स्थानीय व्यापारियों की मांग को प्रशासन तक पहुंचाने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है।

अब नजर इस बात पर है कि बैठक में पुलिस-प्रशासन और गणेश उत्सव समितियों के बीच रूट को लेकर क्या सहमति बनती है और क्या सदर बाजार से झांकी का मार्ग बदलने की मांग पर कोई निर्णय लिया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *