US Visa पर ट्रंप का बड़ा एक्शन! दुनिया भर में रोकी गईं अपॉइंटमेंट, जानें कब तक करना होगा इंतजार

Spread the love

अमेरिका के डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने दुनिया भर में अमेरिकी दूतावासों और वाणिज्य दूतावासों में वीज़ा अपॉइंटमेंट को रोक दिया है या उनका समय बदल दिया है। अमेरिकी विदेश विभाग के अनुसार, सभी विदेशी राजनयिक केंद्रों पर एक ग्लोबल ट्रेनिंग प्रोग्राम को लागू करने के लिए वीज़ा सेवाओं के अपॉइंटमेंट को रोका गया है। अमेरिकी विदेश विभाग ने कहा कि ट्रेनिंग के लिए वीज़ा सर्विस अपॉइंटमेंट में बदलाव किया जाएगा, हालांकि इन बदलावों के कितने समय तक चलने के बारे में कोई खास समय-सीमा नहीं बताई गई है।

ये भी पढ़े :साइबर क्राइम के विरुद्ध छत्तीसगढ़ पुलिस का प्रदेशव्यापी 15 अगस्त से 02 अक्टूबर 2026 तक “साइबर जागृति अभियान”

अमेरिका क्यों कर रहा है ऐसा
इन बदलावों के बारे में बस इतना कहा गया है कि इस ट्रेनिंग का मकसद कॉन्सुलर अधिकारियों की मदद करना है ताकि वे उन आवेदकों की पहचान कर सकें जिनके अमेरिकी सरकारी सुविधाओं पर निर्भर होने की संभावना है, और यह सुनिश्चित किया जा सके कि वीज़ा आवेदकों का मूल्यांकन व्यापक और एकसमान तरीके से हो।

वीज़ा अपॉइंटमेंट रोकने की खबर सबसे पहले ‘फाइनेंशियल टाइम्स’ ने दी थी। अखबार के मुताबिक, जिन लोगों ने US दूतावासों और वाणिज्य दूतावासों में इमिग्रेंट वीज़ा इंटरव्यू के लिए अपॉइंटमेंट लिया था, उन्हें ईमेल मिले हैं कि उनके अपॉइंटमेंट का समय बदला जा रहा है और उन्हें नई तारीख के बारे में बाद में जानकारी दी जाएगी।

ट्रंप का इमिग्रेशन-विरोधी अभियान
ट्रंप ने लोगों को देश से बाहर निकालने (डिपोर्टेशन) और इमिग्रेशन पर सख्ती करने का आक्रामक अभियान चलाया है। इसमें वीज़ा और ग्रीन कार्ड रद्द करना और कई वजहों से आवेदनों को खारिज करना शामिल है। बता दें कि ट्रंप  प्रशासन करीब दो लाख विदेशी नागरिकों के B1 और B2 वीजा रद्द करने की तैयारी कर रहा है और इनमें वे लोग शामिल हो सकते हैं, जिन्होंने अमेरिका पहुंचने के बाद असाइलम के लिए आवेदन किया है या फिलहाल उनकी असाइलम प्रक्रिया चल रही है।

एपी को मिले अमेरिकी विदेश विभाग के दस्तावेजों और अधिकारियों के मुताबिक साल 2016 से 2026 के बीच जारी किए गए उन B1 और B2 वीजा की समीक्षा की जा रही है। कहा जा रहा है कि इस संख्या में बदलाव हो सकता है क्योंकि पूरा प्रोसेस कई चरणों में होना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *