रायपुर में 24 घंटे के भीतर दो हत्याओं से हड़कंप, कहीं सीने पर चाकू से वार तो कहीं गटर में मिला युवक का शव

Spread the love

रायपुर :  राजधानी रायपुर में 24 घंटे के भीतर हत्या की दो अलग-अलग घटनाओं ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पहली वारदात में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। वहीं दूसरी घटना में एक युवक का अपहरण कर हत्या करने के बाद उसका शव मेनहोल में छिपा दिया गया। आरोपियों ने पहचान मिटाने के लिए मृतक के कपड़े जला दिए और उसकी बाइक को नदी में फेंक दिया। दोनों मामलों में पुलिस ने कार्रवाई की है। पहली घटना के आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दूसरी घटना में दो संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

लाखेनगर चौक पर विवाद के बाद युवक की हत्या

पहली घटना आजाद चौक थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, 11 नवंबर की रात लाखेनगर चौक पर ईदगाह भाठा निवासी शेख नाजिर (41) और मोहम्मद यूनुस (25) के बीच विवाद हो गया। इसी दौरान शेख नाजिर ने लोहे के धारदार हथियार से यूनुस के सीने पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

वारदात के बाद आरोपी गिरफ्तार

घटना की जानकारी मिलते ही आजाद चौक थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश की और उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब मामले से जुड़े साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

ये भी पढ़े :कड़ाके की ठंड के लिए करना होगा इंतजार! छत्तीसगढ़ में बदल गई हवाओं की दिशा, जानें मौसम का नया अपडेट

अपहरण के बाद युवक की हत्या, मेनहोल में छिपाया शव

दूसरी सनसनीखेज वारदात तेलीबांधा थाना क्षेत्र की है। यहां निरंजन पाल नाम के युवक का अपहरण कर कमल विहार (कौशल्या माता विहार) के सेक्टर-13 में हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपियों ने शव की पहचान छिपाने के लिए मृतक के कपड़े उतारकर जला दिए और शव को मेनहोल में डालकर उसका ढक्कन बंद कर दिया।

जानकारी के मुताबिक, निरंजन पाल के अपहरण की शिकायत परिजनों ने बुधवार को तेलीबांधा थाने में दर्ज कराई थी। बताया जा रहा है कि युवक को काशीराम नगर इलाके से अगवा कर कमल विहार के सेक्टर-13 ले जाया गया था। वहां सुनसान स्थान पर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई।

बाइक को नदी में फेंका, दो संदेही हिरासत में

हत्या के बाद आरोपियों ने वारदात के साक्ष्य मिटाने की भी कोशिश की। मृतक के कपड़े जलाने के साथ उसकी बाइक को मुजगहन थाना क्षेत्र के अंतर्गत नदी में फेंक दिया गया। शुरुआती जानकारी में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और एफएसएल की टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने दो संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ से मिली जानकारी के आधार पर टीम मौके पर पहुंची, जहां मेनहोल से निरंजन पाल का शव बरामद किया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *