छत्तीसगढ़ में दो दर्दनाक हादसे: धमतरी में एम्बुलेंस सवार नर्स की मौत, सूरजपुर में कुएं में गिरी बाइक

Spread the love

धमतरी/सूरजपुर : छत्तीसगढ़ के दो अलग-अलग जिलों में हुए सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। धमतरी में रायपुर से जगदलपुर जा रही एम्बुलेंस दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें सवार एक नर्स की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सूरजपुर में देर रात बाइक सवार युवक सड़क किनारे स्थित कुएं में जा गिरा। हादसे में उसकी भी जान चली गई।

दोनों घटनाओं के बाद संबंधित थाना पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।

धमतरी में एम्बुलेंस डिवाइडर से टकराकर ट्रैक्टर से भिड़ी

पहला हादसा धमतरी जिले में संबलपुर के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक, एक मृत व्यक्ति के शव को रायपुर से जगदलपुर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान एम्बुलेंस संबलपुर के पास अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई और फिर ट्रैक्टर से जा भिड़ी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि एम्बुलेंस में सवार नर्स शबनम खान की मौके पर ही मौत हो गई।

जगदलपुर के महारानी अस्पताल में नर्स थीं शबनम खान

मृतका शबनम खान जगदलपुर के महारानी अस्पताल में नर्स के रूप में कार्यरत थीं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

ये भी पढ़े :विमान अचानक 14 हजार फीट नीचे आया, कॉकपिट में पायलट पर हमला… जानिए कैप्टन स्मित मच्छार ने कैसे बचाई 174 लोगों की जान

पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

सूरजपुर में बाइक समेत कुएं में गिरा युवक

दूसरा हादसा सूरजपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के पर्री गांव में हुआ। यहां देर रात बाइक सवार एक युवक अचानक सड़क किनारे स्थित कुएं में जा गिरा। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से युवक के शव को कुएं से बाहर निकाला।

ओड़गी क्षेत्र का रहने वाला था मृतक

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक ओड़गी के घुई गांव का रहने वाला था। घटना के बाद कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

दोनों घटनाओं में पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसे किन परिस्थितियों में हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *