गोलू कैवर्त बलौदाबाजार : जिला बलौदाबाजार-भाटापारा में आम नागरिकों एवं महिलाओं व बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस अधीक्षक गौरव राय (IPS) के कुशल निर्देशन में लवन पुलिस द्वारा संवेदनशीलता व तत्परता की एक मिसाल पेश की गई है। थाना लवन क्षेत्रांतर्गत ग्राम से अचानक लापता हुई महिला एवं उसके 09 वर्षीय मासूम बेटे को पुलिस टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद महज 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया है।
रात में मिली सूचना, तत्काल हरकत में आई पुलिस:- दिनांक 01.08.2026 की रात्रि लगभग 11:00 बजे थाना लवन में सूचना प्राप्त हुई कि क्षेत्र के ग्राम की एक महिला अपने 09 वर्ष के पुत्र के साथ बिना बताए कहीं चली गई है और लापता है। रात का समय और मासूम बच्चे की मौजूदगी को देखते हुए मामले को अत्यंत गंभीरता से लिया गया। थाना लवन पुलिस द्वारा बिना कोई समय गंवाए तत्काल खोजबीन अभियान प्रारंभ किया गया।
सघन पतासाजी के बाद सकुशल दस्तयाबी:- पुलिस टीम द्वारा संभावित ठिकानों, रिश्तेदारों, सार्वजनिक स्थलों व तकनीकी माध्यमों की मदद से लगातार की गई सघन पतासाजी के परिणामस्वरूप दिनांक 02.08.2026 को उक्त महिला एवं उसके 09 वर्षीय पुत्र को सकुशल खोज निकाला गया। तत्पश्चात आज दिनांक 02.08.2026 को दोपहर 02:00 बजे थाना लवन में मां-बेटे को लाकर विधिवत दस्तयाबी (दस्तयाब पंचनामा) की कार्रवाई संपन्न की गई। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया एवं परिजनों से काउंसलिंग के उपरांत दोनों को सुरक्षित उनके परिवार के सुपुर्द कर दिया गया।
परिजनों ने जताया आभार:– गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज होने के महज 24 घंटे के भीतर अपने परिजनों को सुरक्षित पाकर परिवार के सदस्यों की आंखें खुशी से भर आईं। परिजनों तथा स्थानीय ग्रामीणों ने थाना लवन पुलिस की त्वरित कार्यशैली, संवेदनशीलता की भूरि-भूरि सराहना करते हुए पुलिस का हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया है।

