गोल्ड जीतते ही वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास, एशियन गेम्स में सबसे कम उम्र में स्वर्ण जीतने वाले भारतीय बने

Spread the love

नई दिल्ली : एशियन गेम्स 2026 में भारतीय क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान को हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया। श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने गोल्ड मेडल मुकाबले में पाकिस्तान को 19 रन से मात दी। इस ऐतिहासिक जीत के साथ भारतीय टीम के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के नाम भी एक खास रिकॉर्ड दर्ज हो गया।

सिर्फ 15 साल की उम्र में वैभव एशियन गेम्स के इतिहास में गोल्ड मेडल जीतने वाले सबसे युवा भारतीय बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड भारतीय निशानेबाज सौरभ चौधरी के नाम था। सौरभ ने 2018 एशियन गेम्स में 16 साल की उम्र में स्वर्ण पदक जीतकर यह उपलब्धि हासिल की थी।

पाकिस्तान के खिलाफ 15 रन बनाकर आउट हुए वैभव

गोल्ड मेडल मुकाबले में भारत का सामना पाकिस्तान से हुआ। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया को वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा ने तेज शुरुआत दिलाई। दोनों ने शुरुआती दो ओवरों में ही 28 रन जोड़ दिए।

हालांकि वैभव अपनी पारी को बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर सके। उन्होंने 9 गेंदों का सामना करते हुए 2 छक्कों की मदद से 15 रन बनाए। सैम अयूब की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में वह अपना विकेट गंवा बैठे।

ये भी पढ़े :मासूम की तबीयत बिगड़ी तो खुला दुष्कर्म का राज, 6 साल की बच्ची से वारदात का आरोप; मकान मालिक हिरासत में

इसके बावजूद वैभव के लिए यह मुकाबला बेहद खास रहा, क्योंकि भारतीय टीम के गोल्ड जीतते ही उनके नाम एशियन गेम्स में भारत के लिए स्वर्ण जीतने वाले सबसे युवा खिलाड़ी का रिकॉर्ड दर्ज हो गया।

एशियन गेम्स में वैभव का प्रदर्शन

वैभव सूर्यवंशी ने एशियन गेम्स 2026 में भारत की ओर से दो मुकाबले खेले। इन दो मैचों में उन्होंने 26.50 की औसत से कुल 53 रन बनाए।

भारत का क्वार्टर फाइनल मुकाबला बारिश के कारण पूरा नहीं हो सका था। इसके बाद टीम इंडिया ने सेमीफाइनल में श्रीलंका को 124 रन के बड़े अंतर से हराकर फाइनल में जगह बनाई। गोल्ड मेडल मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 19 रन से हराकर स्वर्ण पदक पर कब्जा किया।

अब वेस्टइंडीज सीरीज पर नजर

एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने के बाद भारतीय टीम की नजरें अब वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज पर हैं। भारत और वेस्टइंडीज के बीच 6 अक्टूबर से पांच मैचों की टी20 सीरीज शुरू होनी है।

सीरीज का पहला मुकाबला लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इस सीरीज में भी वैभव सूर्यवंशी पर खास नजरें रहेंगी। 15 साल के इस युवा बल्लेबाज के पास शानदार प्रदर्शन के जरिए भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन में अपनी जगह मजबूत करने का बड़ा मौका होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *