शराब बेचते वीडियो वायरल, अगले ही दिन पुलिस का एक्शन; 25 बोतल शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

डोंगरगढ़ :  शहर में अवैध शराब बिक्री का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। वायरल वीडियो में कुछ युवक शराब खरीदने के लिए आरोपी के घर पहुंचते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो के अंतिम हिस्से में आरोपी युवकों को शराब देते और बदले में पैसे लेते नजर आ रहा है।

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और सूचना के आधार पर अगले ही दिन कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक, 17 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रवि शेंडें ने बधियाटोला-छिरपानी रोड की पुलिया के पास अवैध रूप से बेचने के लिए शराब छिपाकर रखी है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

बीयर और व्हिस्की की 25 बोतलें जब्त

पुलिस की कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे से 5 नग सिम्बा कंपनी बीयर और 20 नग गोवा स्पेशल व्हिस्की बरामद की गई। पुलिस के अनुसार, जब्त शराब की कुल मात्रा 6.850 बल्क लीटर है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3,450 रुपये बताई गई है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया है।

ये भी पढ़े :अमेरिका-ईरान जंग के बीच बड़ा उलटफेर, ट्रंप ने पेजेश्कियान और अरागची को दी अमेरिका आने की मंजूरी

आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज हैं 10 मामले

पुलिस के मुताबिक, आरोपी रवि शेंडें के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत पहले भी 10 प्रकरण दर्ज हैं। ताजा मामले में गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

वीडियो वायरल होने के अगले दिन कार्रवाई

इस मामले में पुलिस की कार्रवाई की टाइमिंग भी अहम रही। अवैध शराब बिक्री का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया और अगले ही दिन आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की।

पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री और परिवहन के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। ताजा कार्रवाई के बाद अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों में सख्ती का संदेश जाने की बात कही जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *