सुबह उठते ही तलवे में दर्द क्यों होता है? एक्सपर्ट से जानिए कारण और बचाव

Spread the love

Health News: चलते समय, सुबह बिस्तर से उठते ही या लंबे समय तक खड़े रहने के बाद यदि पैर के तलवों में तेज दर्द होता है, तो इसे सामान्य समस्या मानकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। यह दर्द कई कारणों से हो सकता है और समय रहते ध्यान न देने पर रोजमर्रा की गतिविधियां भी प्रभावित हो सकती हैं।

शारदा हॉस्पिटल के इंटरनल मेडिसिन विभाग के प्रोफेसर डॉ. भुमेश त्यागी के अनुसार, पैर के अगले हिस्से में होने वाले दर्द को मेटाटार्सलजिया (Metatarsalgia) कहा जाता है। आइए जानते हैं इसके प्रमुख कारण और राहत के उपाय।

तलवों में दर्द के प्रमुख कारण

1. गलत फिटिंग के जूते-चप्पल बहुत टाइट, ऊंची एड़ी वाले या सख्त सोल वाले जूते पहनने से तलवों पर अधिक दबाव पड़ता है, जिससे दर्द हो सकता है।

2. ज्यादा शारीरिक गतिविधि दौड़ना, खेलना, डांस करना या हाई-इंटेंसिटी वर्कआउट करने से पैरों के तलवों पर अधिक दबाव पड़ता है और दर्द शुरू हो सकता है।

3. पैरों की बनावट फ्लैट फुट (चपटे पैर) या बहुत ऊंचे आर्च वाले पैरों में तलवों पर असमान दबाव पड़ने से दर्द की समस्या बढ़ सकती है।

ये भी पढ़े :भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव की तबीयत पर बड़ा अपडेट, झांसी से दिल्ली रेफर

4. पैर की उंगलियों की संरचना यदि पैर की उंगलियां लंबी हों या अंगूठा दबता हो, तो जूते के अंदर अधिक दबाव बनता है, जिससे तलवों और उंगलियों में दर्द हो सकता है।

5. गठिया (Arthritis) गाउट और रूमेटॉइड आर्थराइटिस जैसी बीमारियों में सूजन, लालिमा और तेज दर्द की शिकायत हो सकती है। सुबह के समय अकड़न भी इसका एक सामान्य लक्षण है।

6. मोटापा अधिक वजन या अचानक वजन बढ़ने से पैरों पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है, जिससे तलवों में दर्द होने लगता है।

तलवों के दर्द से कैसे पाएं राहत?

दर्द होने पर 24 से 48 घंटे तक पैरों को आराम दें।

दौड़ने जैसी गतिविधियों से बचें और हल्की एक्सरसाइज करें।

दिन में 2-3 बार 10 मिनट तक बर्फ की सिकाई करें।

बैठते समय पैरों को थोड़ा ऊंचा रखें।

टाइल या कंक्रीट पर नंगे पैर चलने से बचें।

आरामदायक और सही फिटिंग वाले जूते पहनें।

पैरों की हल्के हाथों से तेल से मालिश करें।

जरूरी सलाह: यदि दर्द लगातार बना रहे, सूजन बढ़ जाए या चलने में परेशानी होने लगे, तो स्वयं इलाज करने के बजाय ऑर्थोपेडिक या फिजिशियन से जांच जरूर कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *