बेमेतरा टेकेश्वर दुबे : छत्तीसगढ़ राज्य गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में युवाओं को प्रधानमंत्री जी के विकसित भारत विजन @2047 से जोड़ने तथा विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के संयुक्त तत्वाधान में युवा उड़ान 2026 कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
कार्यालय कलेक्टर (खेल एवं युवा कल्याण विभाग) से प्राप्त जनकारी के अनुसार यह कार्यक्रम 06 अक्टूबर 2026 को दोपहर 12:00 बजे से टाउन हॉल बेमेतरा में आयोजित होगा।
कार्यक्रम में युवाओं की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए जिले के मेधावी विद्यार्थी, महाविद्यालयीन प्रवीण छात्र, कला, साहित्य, सांस्कृतिक एवं खेल क्षेत्र में राज्य/राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ी, खेल अकादमियों के प्रशिक्षणार्थी, CGPSC/UPSC की तैयारी कर रहे अभ्यर्थी, इंजीनियरिंग, मेडिकल, कृषि, पॉलिटेक्निक एवं ITI के विद्यार्थी, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, सामाजिक कार्यकर्ता, कौशल विकास प्रशिक्षणार्थी, छात्रावासों में निवासरत विद्यार्थी, दिव्यांगजन एवं आत्मसमर्पित पूर्व नक्सली युवाओं को भी आमंत्रित किया गया है।
ये भी पढ़े :मेहनत और लगन से प्रतिभाओं ने बढ़ाया परिवार व समाज का गौरव– उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा
कार्यक्रम में विषय-विशेषज्ञों द्वारा युवाओं के साथ संवाद, प्रश्नोत्तर एवं सुझाव सत्र आयोजित होंगे। परिचर्चा के प्रमुख विषय केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा युवाओं के लिए संचालित विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाएं, वन नेशन वन इलेक्शन तथा विकसित छत्तीसगढ़ से विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका होंगे।
प्रतिभागियों का पंजीयन छ.ग. राज्य युवा आयोग की वेबसाइट पर निर्धारित गूगल फॉर्म तथा MY भारत पोर्टल एवं युवा आयोग की वेबसाइट के QR CODE के माध्यम से किया जाएगा।
जिला खेल अधिकारी ने जिले के सभी युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में पंजीयन कर कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।



