मुंबई: माझगांव में गणपति आगमन शोभायात्रा के दौरान एक इमारत से अंडे फेंके जाने के आरोप के बाद देर रात तनाव की स्थिति बन गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, यात्रा के दौरान एक इमारत से शोभायात्रा की ओर अंडे फेंके गए। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और नारेबाजी शुरू हो गई। देखते ही देखते दो पक्षों के बीच झड़प हो गई।

स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि अंडे फेंकने वाले लोगों की पहचान की जा सके।
गणपति मंडल ने की सख्त कार्रवाई की मांग
गणपति मंडल के डिप्टी सेक्रेटरी विवेक राणा के मुताबिक, गणपति की आगमन यात्रा के दौरान पंडाल से करीब 30 से 40 मीटर दूर स्थित एक इमारत से अंडे फेंके गए। उन्होंने घटना को आपत्तिजनक बताते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
पुलिस कमिश्नर के आदेश पर अज्ञात लोगों के खिलाफ केस
मामले की सूचना के बाद मुंबई पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी जयंत मीणा मौके पर पहुंचे। पुलिस कमिश्नर के आदेश के बाद अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इसके बाद स्थिति शांत हुई और लोग अपने घर लौट गए। पुलिस अब CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है।
भुलेश्वर में गणेश प्रतिमा गिरने से दो लोगों की मौत
इससे पहले मुंबई के भुलेश्वर इलाके में शनिवार रात करीब 10 बजे 22 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा गिरने से बड़ा हादसा हो गया था। हादसे में दो लोगों की मौत हुई, जबकि पांच लोग घायल हुए। घायलों में 5 और 7 साल की दो बच्चियां भी शामिल हैं।
बताया गया कि प्रतिमा लालबाग से भुलेश्वर ले जाई जा रही थी। पंडाल से करीब 50-60 मीटर पहले प्रतिमा के पीछे लगा वेल्डिंग सपोर्ट टूट गया, जिसके बाद प्रतिमा गिर गई।
मुंबई में हजारों गणेश पंडाल
महाराष्ट्र में इस साल गणेशोत्सव 14 सितंबर से शुरू होने वाला है। मुंबई समेत महाराष्ट्र के विभिन्न हिस्सों में गणेशोत्सव बड़े स्तर पर मनाया जाता है। मुंबई में करीब 10,600 सार्वजनिक गणेश मंडल बताए जा रहे हैं, हालांकि इनमें से करीब 2,500 मंडलों ने 10 दिन के उत्सव के लिए अनुमति ली है। पूरे महाराष्ट्र में करीब 28 लाख गणेश प्रतिमाएं स्थापित होने का अनुमान है।




