धमतरी: जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। ऑपरेशन निश्चय के तहत सिहावा पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 20 किलो 400 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 10 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक स्लेटी रंग की रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल पर दो व्यक्ति ओडिशा की ओर से गांजा लेकर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर सिहावा पुलिस ने रतावा फॉरेस्ट नाका के सामने मेन रोड पर घेराबंदी की।
कुछ देर बाद पुलिस ने संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर उसमें सवार दोनों युवकों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रॉली बैग और सफारी बैग के अंदर सेलोटेप से पैक किया हुआ गांजा बरामद हुआ।
20.4 किलो गांजा बरामद, 11.80 लाख का मशरूका जब्त
पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से कुल 20 किलो 400 ग्राम गांजा जब्त किया। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 10 लाख 20 हजार रुपये है। इसके अलावा पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल और एक ओप्पो मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
पुलिस के मुताबिक, पूरी कार्रवाई में करीब 11 लाख 80 हजार रुपये का मशरूका बरामद किया गया है।
यूपी और दिल्ली के रहने वाले हैं आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान:
– एहतेशाम (27 वर्ष) — निवासी मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
– तुषार कश्यप (23 वर्ष) — निवासी दिल्ली
दोनों आरोपियों के खिलाफ सिहावा थाने में नारकोटिक एक्ट की धारा 20(ख) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
दिल्ली में होनी थी गांजे की सप्लाई?
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। जांच की जा रही है कि आरोपी गांजा कहां से लेकर आए थे और इसे दिल्ली में किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था। पुलिस तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटा रही है।
धमतरी पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।




