छत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार पर ब्रेक, आज से घटेगी बारिश की तीव्रता; रायपुर में 32 डिग्री तक जाएगा पारा

Spread the love

रायपुर : छत्तीसगढ़ में लगातार बारिश के बीच अब लोगों को कुछ राहत मिलने के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, 14 सितंबर से प्रदेश में मानसून की सक्रियता और बारिश की तीव्रता में कमी आने की संभावना है। हालांकि अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है।

पिछले 24 घंटों में प्रदेश के अधिकांश इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। वहीं बस्तर संभाग के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अब तक हुई मौसमी बारिश सामान्य के आसपास रही है और सामान्य से करीब 4 प्रतिशत कम दर्ज की गई है।

रायपुर में 32 डिग्री तक पहुंचेगा तापमान

राजधानी रायपुर में 14 सितंबर को आसमान सामान्यतः मेघमय रहने की संभावना है। शहर में एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

मौसम विभाग ने रायपुर में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 25 डिग्री रहने का अनुमान जताया है।

प्रदेश में रविवार को सबसे अधिक अधिकतम तापमान 30.9 डिग्री सेल्सियस रायपुर में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में रिकॉर्ड किया गया।

ये भी पढ़े :हरतालिका तीज 2026: आज इस शुभ मुहूर्त में करें शिव-पार्वती की पूजा, जरूर सुनें व्रत कथा; जानें क्यों पड़ा ‘हरतालिका’ नाम

बस्तर में बारिश ने फिर बढ़ाई रफ्तार

रविवार को बस्तर संभाग के कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। बड़े बचेली और कोंटा में 8-8 सेमी बारिश हुई, जबकि कटेकल्याण में 7 सेमी, सुकमा में 6 सेमी पानी बरसा।

इसके अलावा फरसगांव, कुटरू और साल्हेवार में 5-5 सेमी बारिश दर्ज की गई। बारसूर, औंधी, धनोरा, कांकेर और कुआकोंडा में 4-4 सेमी बारिश हुई।

डौंडी, छुईखदान, भैरमगढ़, गंडई, छुरिया, मैनपुर, बेलगहना, दंतेवाड़ा, मर्दापाल, अंबागढ़ चौकी, दरभा और बीजापुर समेत कई स्थानों पर करीब 3-3 सेमी बारिश दर्ज की गई।

अब कमजोर पड़ेगा मानसून

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मानसून की सक्रियता में अब धीरे-धीरे कमी आने की संभावना है। 14 सितंबर से बारिश की तीव्रता कम होगी, हालांकि स्थानीय मौसम परिस्थितियों के कारण कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *