सिक्किम : लगातार हो रही भारी बारिश के बीच सिक्किम से लैंडस्लाइड की बड़ी खबर सामने आई है। पश्चिम सिक्किम के युक्सोम-ताशिदिंग क्षेत्र के रिंबी गांव के कुछ हिस्सों में गुरुवार देर रात पहाड़ी का मलबा तेजी से नीचे की ओर आ गया। अचानक हुए इस लैंडस्लाइड से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कई घरों को नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है।
लैंडस्लाइड के बाद पहाड़ से चट्टानें, मिट्टी, कीचड़ और भारी मात्रा में मलबा नीचे की ओर बहने लगा। इसका वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पहाड़ी से मलबा तेजी से गांव की ओर आते हुए दिखाई दे रहा है।
कई घरों को पहुंचा नुकसान
लैंडस्लाइड की चपेट में आने से रिंबी गांव के कुछ हिस्सों में कई घरों के प्रभावित होने की जानकारी है। हालांकि, अब तक किसी तरह के जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है।
लगातार बारिश के कारण क्षेत्र में खतरा अभी भी बना हुआ है। आसपास के घरों, संपत्तियों और सड़क संपर्क पर भी इसका असर पड़ने की आशंका है। प्रशासन की ओर से स्थानीय लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की गई है।
ये भी पढ़े :महासमुंद में गांजा तस्करी का बड़ा खुलासा, 111.350 किलो गांजा जब्त; 7 आरोपी गिरफ्तार
पहले भी लैंडस्लाइड से प्रभावित हुई थी सड़क
रिंबी क्षेत्र में लैंडस्लाइड की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी भूस्खलन के कारण रिंबी को खेचोपालरी से जोड़ने वाली सड़क का एक हिस्सा बह गया था, जिससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी प्रभावित हुई थी।
सरकार की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, मानसून के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की स्थिति का जायजा लेने के लिए राज्यभर में जांच शुरू की गई थी। इसी क्रम में सड़क एवं पुल मंत्री एनबी दहाल ने युक्सोम-ताशीडिंग विधानसभा क्षेत्र के रिंबी और आसपास के प्रभावित हिस्सों का निरीक्षण किया था।
मरम्मत में तेजी लाने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत का काम जल्द शुरू करने के निर्देश दिए गए थे। साथ ही नेशनल हाईवेज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (NHIDCL) के अधिकारियों और ठेकेदारों को मरम्मत कार्य में तेजी लाने तथा यात्रियों को होने वाली परेशानी कम करने के निर्देश दिए गए।
फिलहाल भारी बारिश के बीच रिंबी और आसपास के इलाकों में प्रशासन की नजर बनी हुई है। जानमाल के नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन लगातार बारिश के कारण भूस्खलन का खतरा बना हुआ है।




