गरियाबंद : जिले में लगातार हो रही बारिश के बाद नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है। कई इलाकों में जलभराव और तेज बहाव के कारण आवागमन प्रभावित हुआ है। इसी बीच रायपुर से देवभोग जा रही एक यात्री बस सरई भदर के पास बाढ़ के पानी में फंस गई। बस में करीब 50 यात्री सवार थे, जिससे मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
नेशनल हाईवे बंद होने पर दूसरे रास्ते से जा रही थी बस
जानकारी के मुताबिक, नेशनल हाईवे बंद होने के कारण बस चालक ने मोहरा मार्ग से होते हुए देवभोग पहुंचने का प्रयास किया। इसी दौरान सरई भदर के पास नाले में पानी का बहाव तेज मिला। पानी की स्थिति का अंदाजा लगाना मुश्किल हुआ और यात्री बस बीच रास्ते में ही फंस गई।
बस के बाढ़ के पानी में फंसने की सूचना मिलते ही पुलिस जवान और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। स्थिति को देखते हुए यात्रियों को बस से सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू शुरू किया गया।
रस्सी बांधकर एक-एक कर निकाले गए यात्री
तेज बहाव के बीच यात्रियों को सुरक्षित निकालना आसान नहीं था। पुलिस जवानों और ग्रामीणों ने रस्सी की मदद से एक-एक कर यात्रियों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया। करीब 50 यात्रियों को रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला गया।
इस दौरान पुलिस जवानों और ग्रामीणों ने जोखिम उठाते हुए यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। रेस्क्यू पूरा होने के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली।
बड़ा हादसा टला
घटना के दौरान काफी देर तक मौके पर तनाव और हड़कंप की स्थिति बनी रही। हालांकि समय रहते यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया।
बारिश और नदी-नालों में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन एवं पुलिस ने लोगों से अपील की है कि तेज बहाव वाले नदी-नालों और जलमग्न रास्तों को पार करने का जोखिम न उठाएं। पानी का बहाव कम होने और मार्ग सुरक्षित होने के बाद ही आगे बढ़ें।
देखें वीडियो –




