रात में घर से अचानक गायब हुई नाबालिग, सुबह सुनसान मकान में मिली… पूछताछ में सामने आई हैरान करने वाली बात

Spread the love

रायगढ़ :  छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के मामले में छाल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान भोपेश्वर उर्फ छोटू राठिया के रूप में हुई है। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

यह कार्रवाई रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “अभियान संवेदना” के तहत की गई। पुलिस ने प्रकरण में नाबालिग की पहचान और निजता को गोपनीय रखा है।

पुलिस के अनुसार, 21 सितंबर 2026 को नाबालिग के परिजन ने थाना छाल में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि 18 सितंबर की रात परिवार के सदस्य खाना खाने के बाद सो गए थे। इसी दौरान नाबालिग घर से बाहर चली गई और वापस नहीं लौटी।

परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। अगले दिन सुबह नाबालिग खेत में स्थित एक सुनसान मकान में मिली। उसे परिजन घर लेकर आए। पूछताछ के दौरान बालिका ने कथित तौर पर बताया कि 18 सितंबर की शाम गांव का युवक छोटू राठिया उसके घर के पास आया था।

ये भी पढ़े : एशियन गेम्स में भारत का तीसरा गोल्ड! महिला कबड्डी टीम ने ईरान को 37-34 से हराकर रचा इतिहास

शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने उसे रात करीब 9 बजे खेत के पास स्थित सुनसान मकान में बुलाया। उसके साथ जाने से इनकार करने पर आरोपी द्वारा बदनाम करने की धमकी देने का आरोप है। डर के कारण नाबालिग उसके साथ चली गई। पुलिस के अनुसार, सुनसान मकान में आरोपी ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए और बाद में उसे वहीं छोड़कर चला गया।

परिजनों ने आपस में चर्चा के बाद 21 सितंबर को थाना छाल में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 214/2026 दर्ज किया। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 127(2), 64 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 और 6 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी छाल निरीक्षक नासिर खान के निर्देश पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। प्रशिक्षु उप निरीक्षक लता साहू द्वारा अपराध दर्ज किया गया और पीड़िता का कथन महिला पुलिस अधिकारी के माध्यम से कराया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नासिर खान, उप निरीक्षक मदन पटले, प्रशिक्षु उप निरीक्षक लता साहू, आरक्षक सुरेन्द्र बंशी और राजेश राठौर की भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *