संवेदनशील गांव, कस्बे एवं अन्य स्थानों को चिन्हित कर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक उपाय सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

Spread the love

कवर्धा टेकेश्वर दुबे : कलेक्टर तुलिका प्रजापति एवं पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव ने जिला कार्यालय के सभाकक्ष में राजस्व, पुलिस एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर जिले में कानून व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में जिले में कानून व्यवस्था की स्थिति, संवेदनशील क्षेत्रों तथा आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली गई।

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कानून व्यवस्था की दृष्टि से जिले के संवेदनशील ग्राम, शहर, कस्बे एवं अन्य आवश्यक स्थानों को चिन्हित किया जाए। ऐसे क्षेत्रों में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाते हुए संबंधित विभागों के अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य सुनिश्चित करें। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में स्थिति पर सतत निगरानी रखने तथा किसी भी परिस्थिति में कानून व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों से क्षेत्रवार कानून व्यवस्था की स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में सतर्कता बनाए रखने तथा स्थानीय स्तर पर आवश्यक समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। बैठक में अपर कलेक्टर श्री नरेंद्र पैकरा, एडिशनल एसपी हेमसागर सिदार एवं अमित पटेल सहित सभी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), डीएसपी, एसडीओपी, तहसीलदार, थाना प्रभारी सहित राजस्व, पुलिस एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

ये भी पढ़े :आंगन मिलन उत्सव में शामिल हुए विधायक दीपेश साहू, गर्भवती माताओं की हुई गोद भराई और बच्चों का कराया अन्नप्राशन

बैठक में कलेक्टर ने जिले में ब्लैक एवं ग्रे स्पॉट को चिन्हित कर सूची तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर बार-बार सड़क दुर्घटनाएं होती हैं, उनका विशेष रूप से चिन्हांकन किया जाए। दुर्घटनाओं के कारणों का विश्लेषण कर उनकी रोकथाम के लिए आवश्यक उपायों की कार्ययोजना तैयार की जाए। संबंधित विभाग मौके का निरीक्षण कर सड़क, यातायात, संकेतक, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में सुधार के लिए ठोस कार्रवाई सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने दुर्घटना के समय घायलों की तत्काल मदद के लिए राहवीर योजना का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम लोगों को दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद के लिए आगे आने के प्रति जागरूक और प्रेरित किया जाए, ताकि समय पर सहायता मिलने से घायल व्यक्ति को बेहतर उपचार मिल सके।

कलेक्टर ने दुर्घटना की स्थिति में तत्काल एंबुलेंस सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला अस्पताल में दुर्घटना से संबंधित मामलों की जानकारी के लिए विशेष डेस्क एवं पंजीयन व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए, ताकि दुर्घटना में घायल व्यक्ति के अस्पताल पहुंचने के बाद उसकी जानकारी व्यवस्थित रूप से दर्ज हो सके और आवश्यक कार्रवाई में तेजी लाई जा सके। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के मामलों में आवश्यक कार्रवाई शीघ्र पूरी कर पात्र पीड़ितों को नियमानुसार मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। इससे दुर्घटना से प्रभावित परिवारों को समय पर राहत मिल सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *