बेमेतरा टेकेश्वर दुबे : जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की कार्यकारिणी समिति की समीक्षा बैठक आज कलेक्टर एवं मिशन की अध्यक्ष सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित कार्यों की प्रगति, वित्तीय स्वीकृति, भुगतान एवं जल परीक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में लिए गए प्रमुख निर्णय –
समूह जलप्रदाय योजनाओं की समीक्षा – जिले में प्रगतिरत समूह जलप्रदाय योजनाओं के समयावधि विस्तार के अनुमोदन पर चर्चा हुई। साथ ही SNA स्पर्श के अंतर्गत देयकों के भुगतान तथा दिनांक 08 सितंबर 2026 के उपरांत प्राप्त आवंटन एवं किए गए भुगतान का अनुमोदन किया गया।
जल परीक्षण प्रयोगशाला को सुदृढ़ करने पर जोर – उपखण्ड स्तरीय जल परीक्षण प्रयोगशाला, साजा के लिए आवश्यक CRM एवं केमिकल की GeM पोर्टल के माध्यम से खरीदी तथा संबंधित प्राक्कलन के अनुमोदन पर सहमति बनी, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में जल की गुणवत्ता की नियमित जांच हो सके।
ये भी पढ़े :नोबेल शांति पुरस्कार 2026: भारतीय मूल की नावी पिल्लई को सम्मान, ट्रंप को फिर निराशा
लापरवाह ठेकेदारों पर सख्ती – कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जो तीन ठेकेदार अंतिम नोटिस के बाद भी तीन दिवस के भीतर कार्य प्रारंभ नहीं करते हैं, उनका अनुबंध तत्काल निरस्त किया जाए। इसके साथ ही जनवरी 2027 तक पूर्ण किए जाने वाले कार्यों के संबंधित ठेकेदारों की अलग से बैठक आहूत कर कार्यपालन अभियंता को प्रगति सुनिश्चित करने कहा।
कलेक्टर सुश्री ममगाई ने कहा कि जल जीवन मिशन शासन की अत्यंत महत्वपूर्ण योजना है। इसका उद्देश्य हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाना है, इसलिए सभी कार्यों में गुणवत्ता के साथ समय-सीमा का पालन अनिवार्य है।
बैठक में कार्यपालन अभियंता जल संसाधन श्री उमाकांत सुखदेवे, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शरद कोहाड़े, जिला शिक्षा अधिकारी श्री अभय जायसवाल, सीएसपीडीसीएल से श्री जे.एस. भटनागर, सहायक संचालक जनसंपर्क श्री हेमलाल प्रभाकर, कृषि उपसंचालक श्री एम.डी. डडसेना, उपवन मण्डल अधिकारी श्रीमती माधुरी तिवारी, क्रेडा, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की ओर से कार्यपालन अभियंता श्री जे.पी. गोंड सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एवं जिला समन्वयक उपस्थित रहे।




