रायपुर : छत्तीसगढ़ में सहायक शिक्षक भर्ती परीक्षा LSAT26 को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल ने 11 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाली लिखित भर्ती परीक्षा स्थगित कर दी है। यह फैसला छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के 9 अक्टूबर 2026 के आदेश के पालन में लिया गया है।
कर्मचारी चयन मंडल की ओर से जारी पत्र के अनुसार, सहायक शिक्षक के रिक्त पदों पर भर्ती के लिए 11 अक्टूबर 2026 को लिखित परीक्षा आयोजित की जानी थी। इसके लिए 10 अक्टूबर को परीक्षा की गोपनीय सामग्री के वितरण की प्रक्रिया प्रस्तावित थी।
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट, बिलासपुर में दायर प्रकरण WPS No. 6783 of 2026 में 9 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश के पालनार्थ परीक्षा आयोजित नहीं करने का निर्णय लिया गया है। इसके साथ ही गोपनीय सामग्री वितरण से संबंधित निर्धारित बैठक भी स्थगित कर दी गई है। व्यापमं ने संबंधित जिलों के नोडल अधिकारियों को पत्र जारी कर इसकी सूचना दी है और आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।





