शादी का झांसा, AI से बनी लड़कियों की तस्वीरें और QR कोड से वसूली… दुर्ग में फर्जी मैरिज ब्यूरो का पर्दाफाश

Spread the love

 दुर्ग :  शादी के सपने दिखाकर देशभर के लोगों से साइबर ठगी की जाल में फंसाने वाले फर्जी मैरिज ब्यूरो के संचालक को दुर्ग पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी सोशल मीडिया पर कल्याण मैट्रिमोनी, एलिट मैच मैट्रिमोनी और फ्यूचर पार्टनर के नाम से फर्जी प्रोफाइल संचालित कर रहा था। एआई से तैयार काल्पनिक युवतियों की तस्वीरें दिखाकर शादी के इच्छुक लोगों को अपने जाल में फंसाया जाता था।

एएसपी शोभराज अग्रवाल ने बताया कि आरोपी पहले फेसबुक और इंस्टाग्राम पर विवाह संबंधी प्रचार करता था। संपर्क करने वाले लोगों से बायोडाटा और उनकी पसंद पूछी जाती थी। इसके बाद पसंद की लड़की से शादी कराने का झांसा देकर पहले 2,000 रुपए और फिर अलग-अलग नाम से अन्य रकम क्यूआर कोड के जरिए जमा कराई जाती थी। पैसा मिलते ही पीड़ित का नंबर ब्लैकलिस्ट कर संपर्क बंद कर दिया जाता था।

ये भी पढ़े :छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में बड़ा उलटफेर! संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने अपराजित न्यायधानी नाइट्स को 6-3 से हराया, फाइनल में बनाई जगह

मासिक वेतन पर युवतियों को रखा था काम पर

सूचना मिलने पर सुपेला पुलिस ने उत्तर गंगोत्री भवन स्थित परिसर में दबिश दी। मौके से संचालक परमानंद यादव सहित चार युवतियां मिली। युवतियों ने पुलिस को बताया कि उन्हें नौकरी का झांसा देकर बुलाया गया था और 7 हजार रुपए मासिक वेतन का भरोसा दिया गया था।

तीन महीने से चल रहा था फर्जी कॉल सेंटर

पुलिस ने मौके से 22 कीपैड मोबाइल, 4 एंड्रॉयड मोबाइल, 16 सिम कार्ड, कंप्यूटर, वाई-फाई, बैंक पासबुक-चेकबुक, क्यूआर कोड और 1.64 लाख रुपए नगद बरामद किए। कुल जब्ती 2.83 लाख रुपए की बताई गई है। पूछताछ में सामने आया कि यह फर्जी कॉल सेंटर करीब तीन महीने से चल रहा था और रोजाना 20 से 50 कॉल किए या रिसीव किए जाते थे। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *