CGPSC SI Exam 2024: बदल गई मुख्य परीक्षा की डेट, अब नवंबर में होगी परीक्षा; जानें पूरा शेड्यूल

Spread the love

रायपुर : छत्तीसगढ़ में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। शिक्षक भर्ती परीक्षा और सूबेदार/उप निरीक्षक संवर्ग/प्लाटून कमांडर मुख्य परीक्षा की तारीख एक ही दिन पड़ने से पैदा हुई परेशानी को देखते हुए अब मुख्य परीक्षा का शेड्यूल बदल दिया गया है। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने एसआई, सूबेदार और प्लाटून कमांडर मुख्य परीक्षा-2024 को अब 2, 3 और 4 नवंबर 2026 को आयोजित करने का फैसला किया है।

सीजीपीएससी ने सूबेदार/उप निरीक्षक संवर्ग/प्लाटून कमांडर परीक्षा-2024 की प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम 4 अगस्त 2026 को जारी किया था। इसके बाद मुख्य परीक्षा के लिए 24, 25 और 26 अक्टूबर 2026 की संभावित तारीखें तय की गई थीं। इसी बीच 25 अक्टूबर को शिक्षक भर्ती परीक्षा भी निर्धारित थी। ऐसे में दोनों परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के सामने एक परीक्षा छोड़ने की स्थिति बनने की आशंका थी।

परीक्षा तिथियों के टकराव की जानकारी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तक पहुंचने के बाद उन्होंने अधिकारियों को इस समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि परीक्षा कार्यक्रम इस तरह निर्धारित होना चाहिए कि पात्र अभ्यर्थियों को केवल तारीखों के टकराव के कारण किसी अवसर से वंचित न होना पड़े। इसके बाद आयोग ने मुख्य परीक्षा की निर्धारित तारीखों में बदलाव करते हुए नया कार्यक्रम जारी किया।

ये भी पढ़े :बालोद में दर्दनाक हादसा: ट्रेन की चपेट में आने से 29 वर्षीय युवक की मौत, रेलवे ट्रैक पर मिला शव

अब नवंबर में होगी मुख्य परीक्षा
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार अब सूबेदार/उप निरीक्षक संवर्ग/प्लाटून कमांडर मुख्य परीक्षा-2024 का आयोजन दो नवंबर 2026 को पहला पेपर तीन नवंबर 2026 को दूसरा पेपर और चार नवंबर 2026 को तीसरा पेपर का किया जाएगा।

अभ्यर्थियों को करना होगा ऑनलाइन आवेदन
मुख्य परीक्षा के लिए चयनित अभ्यर्थियों को अलग से ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत करना होगा। आवेदन प्रक्रिया और इससे संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश आयोग की ओर से अलग से जारी किए जाएंगे। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा से जुड़ी ताजा जानकारी के लिए CGPSC की आधिकारिक वेबसाइट नियमित रूप से देखते रहें।

मुख्यमंत्री बोले- परीक्षा तारीखों से किसी का अवसर न छूटे
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए युवा लंबे समय तक मेहनत और तैयारी करते हैं। ऐसे में परीक्षा कार्यक्रम में टकराव के कारण किसी अभ्यर्थी को दो अवसरों में से एक चुनने के लिए मजबूर नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के भविष्य और उनकी आकांक्षाओं को लेकर संवेदनशील है तथा उन्हें आगे बढ़ने के लिए अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *