अगस्त का राशन नहीं पहुंचा, चीनी भी गायब! दीपक बैज का सरकार पर बड़ा हमला, PDS व्यवस्था पर उठाए सवाल

Spread the love

रायपुर :  पीडीएस व्यवस्था को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा, सार्वजनिक वितरण प्रणाली की हालत खराब है। हितग्राही राशन कार्ड लेकर भटक रहे हैं, अगस्त का राशन अब तक कई दुकानों तक नहीं पहुंचा है। राशन दुकानों में चीनी नहीं मिल रही, जबकि बाजार में शक्कर 60 रुपए किलो तक बिक रही है। बस्तर में मिलने वाला चना और गुड़ भी कई महीनों से नहीं मिल रहा। सरकार गरीब जनता को समय पर राशन तक उपलब्ध नहीं करा पा रही है।

कांग्रेस मुस्लिम लीग के रास्ते पर चल रही है, डिप्टी सीएम अरुण साव के इस बयान पर बैज ने कहा कि कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में पांच महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई, जिसमें नीट का मामला, अयोध्या में चढ़ावे की चोरी, चीन का भारत पर कब्जा, महिला आरक्षण और ई-20 पेट्रोल जैसे मुद्दे शामिल हैं, लेकिन भाजपा मुस्लिम लीग की बात कर रही है। अरुण साव वकील हैं और आरएसएस से भी जुड़े रहे हैं, इसलिए उन्हें गूगल कर लेना चाहिए कि मुस्लिम लीग के साथ सरकार किसने चलाई थी? भाजपा को अरुण साव के ऐसे बयानों को गंभीरता से लेना चाहिए।

अजय चंद्राकर के बयान पर क्या बोले दीपक बैज?

कांग्रेस के लिए जेल तीर्थ स्थल जैसा, भाजपा विधायक अजय चंद्राकर के बयान पर पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा, भाजपा अगर षड्यंत्रपूर्वक कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को जेल भेजना चाहती है तो भेजे, कार्यकर्ताओं को डराने-धमकाने और फर्जी एफआईआर करने की कोशिश कोई नई बात नहीं है। बदले की भावना से एजेंसियों और पुलिस का दुरुपयोग करना गलत है। भाजपा यह न सोचे कि जेल भेजने या एफआईआर करने से कांग्रेस डर जाएगी। अगर भाजपा का यही रवैया रहा तो जेल भी कम पड़ जाएंगे।

ये भी पढ़े :छात्राओं को मिली साइकिल, विकास कार्यों को मिली सौगात: विधायक योगेश्वर सिन्हा ने गढ़सिवनी में किया लोकार्पण-भूमिपूजन

जनप्रतिनिधियों को संयम बरतना चाहिए

अभनपुर में कांग्रेस नेता द्वारा अपशब्द कहे जाने का वीडियो वायरल होने पर पीसीसी चीफ बैज ने कहा, उन्होंने वीडियो नहीं देखा है। गाली-गलौज सिर्फ कांग्रेस नेता ही करते हैं ऐसा नहीं है, सभी जनप्रतिनिधियों को संयम बरतना चाहिए। इस तरह की परिस्थितियां आखिर क्यों उत्पन्न हुई, इसकी जांच होनी चाहिए। पीसीसी संबंधित नेता से चर्चा कर जानकारी लेगी। कई बार जनप्रतिनिधियों को धमकी दी जाती है और उन्हें काम नहीं करने दिया जाता, ऐसे में सभी परिस्थितियों को समझना जरूरी है।

भाजपा नेताओं के यहां नहीं होती ईडी की रेड

ईडी की कार्रवाई को लेकर दीपक बैज ने कहा, छत्तीसगढ़ में ईडी और सीबीआई की कार्रवाई अब कोई नई बात नहीं है। यह भाजपा सरकार का रोज का काम बन गया है। रामगोपाल पहले से ही उनकी कस्टडी में हैं, इसके बावजूद दो साल से ईडी की कार्रवाई जारी है। भाजपा नेताओं के यहां ईडी की रेड नहीं होती, विपक्षी नेताओं को ही निशाना बनाया जाता है।

मोदी-शाह ने देश को बेचने का किया काम

कथावाचक प्रदीप मिश्रा द्वारा पीएम मोदी और अमित शाह की तुलना भगवान शंकर से किए जाने पर दीपक बैज ने कहा, प्रदीप मिश्रा कथावाचक और विद्वान हैं, उनके लिए कोई भगवान शिव हो सकता है, लेकिन कांग्रेस के लिए मोदी और शाह वे लोग हैं, जिन्होंने देश को बेचने का काम किया। चंदे की चोरी की और युवाओं के साथ धोखा किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *