मैनपुर में 7.72 लाख का गांजा जब्त, महाराष्ट्र के 2 तस्कर गिरफ्तार; बाइक से ओडिशा से ले जा रहे थे नशे की खेप

Spread the love

गरियाबंद :- जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ गरियाबंद पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में मैनपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 15.44 किलो अवैध गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 7 लाख 72 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने मामले में महाराष्ट्र के नासिक निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार कर तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बजाज पल्सर मोटरसाइकिल भी जब्त की है।

पुलिस के मुताबिक, 22 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति महाराष्ट्र पासिंग वाली पल्सर मोटरसाइकिल से ओडिशा से अवैध गांजा लेकर महाराष्ट्र की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर मैनपुर पुलिस टीम ने झरियाबहरा चेक पोस्ट के पास संदिग्ध वाहनों की सघन जांच शुरू की। इसी दौरान पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्धों को रोककर पूछताछ की गई। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास रखे बैग से 15.44 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा और घटना में प्रयुक्त बजाज पल्सर बाइक को जब्त किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहित दत्त साल्वे (26) निवासी पंचवटी, नासिक और आनंद रामदास लौंधे (22) निवासी कुंभारवाड़ा, नासिक, महाराष्ट्र के रूप में हुई है। मैनपुर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया और न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

ये भी पढ़े :सावन के अंतिम सोमवार से पहले भूतेश्वरनाथ धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, हजारों शिवभक्तों से गूंज उठा पूरा गरियाबंद

चार दिन पहले भी पकड़ा था 75 लाख का गांजा
गौरतलब है कि गरियाबंद पुलिस ने चार दिन पहले भी गांजा तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा किया था। पुलिस ने ‘पुष्पा’ स्टाइल में टायरों के अंदर छिपाकर ले जाए जा रहे करीब 75 लाख रुपये के गांजे को बरामद किया था। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से जिले में गांजा तस्करी से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।गरियाबंद एसपी वेदव्रत सिरमौर के निर्देशन में जिले में मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध परिवहन और बिक्री के खिलाफ पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *