रायपुर : छत्तीसगढ़ में अब मौसम तेजी से करवट लेने लगा है। प्रदेश के बचे हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां लगातार अनुकूल बन रही हैं। फिलहाल प्रदेश में मौसम मुख्यतः शुष्क बना हुआ है, लेकिन अगले 2 से 3 दिनों में कुछ इलाकों में बूंदाबांदी के संकेत मिल रहे हैं।
मानसून की विदाई के बाद अक्टूबर में दिन के तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है, जबकि रात के तापमान में धीरे-धीरे गिरावट शुरू होगी। यानी आने वाले दिनों में दिन में गर्मी और रात में हल्की ठंडक का दौर देखने को मिलेगा।
रायपुर में आज साफ रहेगा आसमान
राजधानी रायपुर में 4 अक्टूबर को मौसम मुख्यतः साफ रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार यहां अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री के आसपास रह सकता है। फिलहाल राजधानी समेत प्रदेश के लिए किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की गई है।
पिछले 24 घंटे में प्रदेश के किसी भी हिस्से में बारिश दर्ज नहीं हुई। इस दौरान रायपुर से लगे क्षेत्र में अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 18.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
अक्टूबर में दिन गर्म, रातें होंगी सुहानी
मानसून की वापसी के साथ प्रदेश के मौसम में बदलाव और स्पष्ट होगा। अक्टूबर में दिन के समय गर्मी बनी रह सकती है, जबकि रात में तापमान धीरे-धीरे कम होने से मौसम सुहाना होने लगेगा।
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक नवंबर के पहले सप्ताह में रात के तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। ऐसे में दीपावली के आसपास प्रदेश के कई हिस्सों में रात के समय हल्की ठंड महसूस हो सकती है, जबकि दिन का मौसम अपेक्षाकृत आरामदायक रहने के आसार हैं।
इन राज्यों से भी लौट रहा मानसून
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की रेखा तेजी से आगे बढ़ रही है। अगले 2-3 दिनों में छत्तीसगढ़ के साथ मराठवाड़ा, विदर्भ, तेलंगाना और कर्नाटक के कुछ हिस्सों से मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल होने की संभावना है।
वहीं उत्तर प्रदेश और बिहार के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन भी बना हुआ है, जिसका मौसम पर प्रभाव देखने को मिल सकता है।
ये भी पढे :घर में घुसा तेंदुआ, परिवार के 6 लोगों पर किया हमला; 3 की हालत गंभीर, रायपुर रेफर
बलरामपुर में सामान्य से 65% ज्यादा बारिश
राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक इस मानसून सीजन में प्रदेश के अलग-अलग जिलों में बारिश का वितरण काफी असमान रहा है।
बलरामपुर में औसत के मुकाबले 165.3 प्रतिशत बारिश दर्ज हुई है और यहां कुल वर्षा 1556.6 मिलीमीटर रही। वर्षा प्रतिशत के लिहाज से यह प्रदेश में सबसे आगे है।
वहीं कुल बारिश के मामले में नारायणपुर 1720.2 मिलीमीटर के साथ सबसे ऊपर है।
बेमेतरा में सबसे कम बारिश
दूसरी ओर प्रदेश के मैदानी और कुछ सीमावर्ती जिलों में अपेक्षा के अनुरूप बारिश नहीं हुई। बेमेतरा में 674.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई, जो औसत का 80.4 प्रतिशत है। वर्षा प्रतिशत के लिहाज से बेमेतरा सबसे निचले पायदान पर रहा।
राजधानी रायपुर में इस सीजन अब तक 1307.4 मिलीमीटर (135.4%) बारिश दर्ज की गई है। वहीं गरियाबंद में 1463.7 मिमी (130.7%), सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 1181.4 मिमी (131.4%), एमसीबी में 1216.9 मिमी (122.7%) और बालोद में 1311.8 मिमी (121.6%) बारिश हुई है।
अब मानसून की विदाई के साथ प्रदेश में मौसम का अगला चरण शुरू होने जा रहा है। दिन और रात के तापमान में बढ़ता अंतर आने वाले दिनों में ठंड की दस्तक का संकेत दे रहा है।




