कविता राजपूत ,रायपुर : राजधानी रायपुर के रावाभाटा मैदान में दशहरा पर्व धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। सार्वजनिक दशहरा उत्सव समिति, भाटागांव की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और सांसद बृजमोहन अग्रवाल शामिल हुए। इस दौरान दोनों नेताओं ने तलवार लहराकर दशहरा उत्सव में भागीदारी की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि लोगों को अपने मन में बसे अहंकार रूपी रावण का वध करना चाहिए। दशहरा केवल रावण पर विजय का प्रतीक नहीं, बल्कि अपने भीतर की बुराइयों और अहंकार को दूर करने की प्रेरणा भी देता है।
रावाभाटा मैदान में आयोजित इस उत्सव में मुख्यमंत्री और सांसद के साथ कई गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। आयोजन के दौरान दशहरे को लेकर उत्साह का माहौल रहा।
दशहरा पर्व बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक माना जाता है। यह पर्व लोगों को अहंकार त्यागने, सदाचार अपनाने और सकारात्मक जीवन मूल्यों के साथ आगे बढ़ने का संदेश देता है।




